विशाल भारद्वाज/ खबर डिजिटल/कान्हीवाड़ा/ सिवनी। शादी समारोह में शामिल होने आई एक महिला के साथ दिनदहाड़े लूटपाट और हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सुनेहरा (थाना केवलारी) की रहने वाली सुमित्रा पति गंगाराम भावरे के साथ यह घटना तब हुई जब वह अपने मायके में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम के लिए तैयार होकर जा रही थी.
घटना का विवरण
पीड़िता सुमित्रा के अनुसार, वह शादी समारोह में जाने के लिए तैयार होकर घर से निकली थीं। रास्ते में अचानक 4 से 5 अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने महिला का मुंह दबाकर उन्हें काबू में किया और उनके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया। छीने गए मंगलसूत्र की अनुमानित कीमत 1.5 लाख से 2 लाख रुपये बताई जा रही है।
हाथापाई में महिला घायल
लूट की इस वारदात के दौरान पीड़िता ने विरोध करने का प्रयास किया, जिसके चलते बदमाशों ने उनके साथ झूमाझटकी और मारपीट की। इस छीना-झपटी में सुमित्रा के चेहरे और गले पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार होने में कामयाब रहे।
पुलिस की कार्रवाई
घटना के तुरंत बाद पीड़िता ने कान्हीवाड़ा थाने पहुंचकर आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कान्हीवाड़ा थाना प्रभारी ने तत्काल संज्ञान लिया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 309/6 के तहत मामला पंजीबद्ध कर लिया है।
इस घटना के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है, और ग्रामीणों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है।


