मनीष तिवारी/ खबर डिजिटल/ जबलपुर। मध्य प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (LPG) की कमी को लेकर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर चल रही खबरों ने जनता के बीच चिंता पैदा कर दी थी। अब इस मामले में प्रदेश सरकार का आधिकारिक रुख सामने आया है। मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन की कोई किल्लत नहीं है और आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सुचारू रूप से कार्य कर रही है।
आपूर्ति पूरी तरह सुचारू, अफवाहों से बचें
मीडिया से चर्चा करते हुए डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा कि प्रदेश में एलपीजी, पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने स्वीकार किया कि शुरुआती दौर में घबराहट के कारण कुछ पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें देखी गई थीं, लेकिन वर्तमान में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर संबंधित विभाग और जिला प्रशासन लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
एक्साइज ड्यूटी में कटौती
उपमुख्यमंत्री ने केंद्र सरकार के फैसलों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि केंद्र ने पेट्रोल पर एक्साइज ड्यूटी 13 रुपये से घटाकर 3 रुपये और डीजल पर 10 रुपये से घटाकर शून्य कर दी है। देवड़ा के अनुसार, यह कदम महंगाई के दौर में आम जनता के लिए किसी बड़ी सौगात से कम नहीं है, जिससे परिवहन और माल ढुलाई की लागत में भी कमी आएगी।
कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
ईंधन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ-साथ सरकार ने जमाखोरी करने वालों को भी सख्त चेतावनी दी है। डिप्टी सीएम ने कहा कि अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यदि कोई भी व्यक्ति या एजेंसी स्टॉक को अवैध रूप से जमा करती है या कालाबाजारी में संलिप्त पाई जाती है, तो उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों (खाड़ी देशों के हालात) का हवाला देते हुए जनता से संयम बरतने का आग्रह किया है।


