झाबुआ, नावेद रजा। ग्रीष्मकालीन अवकाश के उपरांत सीडब्ल्यूएसएन हॉस्टल में लौटे मूक-बधिर बच्चों से मिलने सोमवार को कलेक्टर सुश्री नेहा मीना ने जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का भ्रमण किया। बच्चों ने जब कलेक्टर को अपने बीच पाया तो उनके चेहरे खुशी से खिल उठे। विद्यालय के पुनः आरंभ होने के उपलक्ष्य में कलेक्टर ने बच्चों को स्कूल बैग उपहार स्वरूप भेंट किए तथा मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों के साथ बैठकर सामूहिक भोजन किया और सांकेतिक भाषा (साइन लैंग्वेज) के माध्यम से संवाद स्थापित कर उनका हालचाल जाना। बच्चों ने भी साइन लैंग्वेज में कलेक्टर को धन्यवाद दिया। इस दौरान कलेक्टर ने बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण को लेकर विशेष ध्यान देते हुए, उपसंचालक सामाजिक न्याय एवं दिव्यांग सशक्तिकरण विभाग श्री पंकज सांवले को निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग की टीम के माध्यम से समस्त बच्चों का संपूर्ण परीक्षण कराया जाए। साथ ही, प्रत्येक बच्चे का स्वास्थ्य प्रोफाइल कार्ड और आभा आईडी (ABHA ID) बनवाने के निर्देश दिए, ताकि उनके स्वास्थ्य संबंधी सभी जानकारी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित रह सके और भविष्य में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आसानी से मिल सके। कलेक्टर ने बच्चों की मानसिक प्रसन्नता एवं समग्र विकास के लिए हॉस्टल में आनंद विभाग की गतिविधियाँ संचालित करने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर जिला परियोजना समन्वयक श्री रालु सिंह सिंगार को छात्रावास का समय-समय पर निरीक्षण करने व आवश्यकताओं की पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, हॉस्टल अधीक्षक से आवश्यकताओं की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को उन्हें शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने सप्ताह के अंत तक सभी बच्चों को पुनः हॉस्टल में लाकर कक्षाओं का संचालन सुचारू रूप से प्रारंभ कराने के निर्देश भी दिए। इस अवसर पर समग्र शिक्षा अभियान के एपीसी (IED), विशेष आवश्यकता वाले बच्चों की छात्रावास टीम एवं जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
झाबुआ कलेक्टर ने मूक-बधिर बच्चों को स्कूल बैग भेंट कर, बच्चों के साथ किया भोजन
कलेक्टर ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण व डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल बनाने के निर्देश दिए।
सम्बंधित ख़बरें


