जोबट(अलीराजपुर)/कुलदीप खराड़िया/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान जोबट विधानसभा (192) के विधायक सेना महेश पटेल ने जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट से सौजन्य मुलाकात कर क्षेत्र की सिंचाई समस्याओं और लंबित परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
सिंचाई की जरुरतों को रखा
विधायक पटेल ने मुलाकात में थाना तालाब, जिला धार से जोबट क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए नवीन माइक्रो नहर प्रणाली आधारित परियोजना की स्वीकृति का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि थाना तालाब के निर्माण से जोबट विधानसभा क्षेत्र की बड़ी कृषि भूमि डूब क्षेत्र में आ गई है, लेकिन इसके बावजूद स्थानीय किसानों को अभी तक इस तालाब से सिंचाई का कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है।
माइक्रो सिंचाई परियोजना
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि NVDA द्वारा बनाई जा रही कुक्षी माइक्रो सिंचाई परियोजना के चलते थाना तालाब के वर्तमान कमाण्ड क्षेत्र को नई परियोजना से सिंचित किया जाना प्रस्तावित है। इससे तालाब में पर्याप्त जल संरक्षण संभव होगा।
मंत्री तुलसी सिलावट से किया आग्रह
विधायक पटेल ने मंत्री से आग्रह किया कि इस संरक्षित जल का उपयोग करते हुए रणजीतगढ़, देवलई, निमथल, थापली, बलेडी और डेकाकुण्ड गांवों के लिए अलग से नवीन माइक्रो नहर प्रणाली परियोजना स्वीकृत की जाए, ताकि वर्षों से सिंचाई सुविधा से वंचित किसानों को वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र की कृषि उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी नई दिशा देगी।
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने दी सकारात्मक प्रतिक्रिया
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दे पर सकारात्मक प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि प्रस्ताव का विभागीय परीक्षण कराया जाएगा और आवश्यक कार्रवाई पर विचार किया जाएगा। जोबट क्षेत्र में सिंचाई समाधान की दिशा में यह मुलाकात महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
