भोपाल/परवेज खान/खबर डिजिटल/ प्रदेश के मंत्री चेतन कश्यप ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की हालिया विदेश यात्रा को मध्य प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान टेक्नोलॉजी और निवेश से जुड़े कई अहम विषयों पर सार्थक चर्चाएं हुई हैं, जिसका लाभ आने वाले समय में राज्य को मिलेगा।

डाटा बेस्ड सेंटर के लिए एमपी सबसे बेहतर
मंत्री चेतन कश्यप ने कहा कि डाटा बेस्ड सेंटर की स्थापना के लिए मध्य प्रदेश एक बेहतर राज्य बनकर उभर रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में अनुकूल भौगोलिक स्थिति, मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर और ऊर्जा उपलब्धता के कारण निवेशकों की रुचि लगातार बढ़ रही है।
निवेश को लेकर सरकार की मजबूत नीतियां
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के कार्यकाल में निवेशकों को आकर्षित करने के लिए प्रभावी और दूरदर्शी नीतियां बनाई जा रही हैं। सरकार का फोकस रोजगार सृजन और तकनीकी विकास पर है।
मुख्य सचिव के बयान पर प्रतिक्रिया
मुख्य सचिव से जुड़े एक विवादित बयान पर मंत्री कश्यप ने कहा कि उन्हें नहीं लगता कि ऐसा कोई विषय मुख्य सचिव द्वारा कहा गया होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह उस कॉन्फ्रेंस में मौजूद नहीं थे और संबंधित अधिकारी ही इस विषय में बेहतर जानकारी दे सकते हैं।
भोजशाला मुद्दे पर साफ रुख
भोजशाला विवाद पर मंत्री चेतन कश्यप ने कहा कि यह न्यायालय का विषय है और सरकार कोर्ट के फैसले के अनुरूप ही आगे की कार्रवाई करेगी।


