सिवनी/झीलपिपरिया/ खबर डिजिटल/ हर घर नल, हर घर जल का दावा ग्राम पंचायत झीलपिपरिया के अंतर्गत आने वाले ग्राम कंजई, वार्ड क्रमांक 12 में खोखला साबित होता दिख रहा है। नल-जल योजना, जो ग्रामीणों को स्वच्छ और नियमित पानी उपलब्ध कराने के लिए शुरू की गई थी, अब गांववासियों के लिए परेशानी और आक्रोश का कारण बन गई है।
ग्रामीणों के अनुसार, योजना के तहत एलएंडटी कंपनी द्वारा करीब 156 घरों में कनेक्शन दिए जाने का दावा किया गया है। कागजों में लगभग 153 घरों तक पानी पहुंचने की बात कही गई है, लेकिन जमीनी सच्चाई इससे अलग है। गांव का एक बड़ा हिस्सा अब भी पानी से वंचित है, जबकि दूसरी ओर कुछ स्थानों पर पाइपलाइन से पानी सड़कों पर बहता नजर आता है।
मामले को लेकर ग्रामीणों ने ग्राम सभा में आवाज उठाई और सरपंच व सचिव को कई बार लिखित और मौखिक शिकायतें भी दीं। आरोप है कि हर बार केवल आश्वासन दिया गया, लेकिन स्थायी समाधान नहीं किया गया। पानी की समस्या दूर करने के नाम पर बोरिंग कराई गई, परंतु ग्रामीणों का कहना है कि बोर में लगी मोटर बाद में निकाल ली गई, जिससे स्थिति और बिगड़ गई।
आज हालात यह हैं कि गांव के कुछ हिस्सों में पानी बर्बाद हो रहा है, जबकि महिलाएं और बुजुर्ग दूर-दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का सवाल है कि क्या जिम्मेदारों की जवाबदेही तय होगी या यह मामला भी कागजों तक सीमित रह जाएगा? अब निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी हैं।


