खबर डिजिटल न्यूज़ कटनी-– कटनी रेलवे स्टेशन से चंद कदमों की दूरी पर संचालित एक शराब दुकान पर ग्राहकों से मनमानी वसूली और नियमों की अनदेखी के गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय लोगों और उपभोक्ताओं का आरोप है कि दुकान पर निर्धारित रेट लिस्ट तक प्रदर्शित नहीं की गई है, जिससे ग्राहकों से मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।आरोप है कि दुकान पर शराब की बोतलें प्रिंटेड MRP से अधिक कीमत पर बेची जा रही हैं और ग्राहकों से खुलेआम अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है। उपभोक्ताओं का कहना है कि विरोध करने पर उन्हें संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता, जिससे नाराजगी लगातार बढ़ रही है।स्थानीय सूत्रों ने यह भी आरोप लगाया है कि दुकान का निर्धारित समय समाप्त होने के बाद भी देर रात तक अवैध रूप से शराब की बिक्री जारी रहती है। दावा किया जा रहा है कि शराब माफिया पूरी रात ग्राहकों को शराब उपलब्ध कराते हैं, जिससे आबकारी नियमों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।यदि ये आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाता है, बल्कि कानून-व्यवस्था और राजस्व व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और आबकारी विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
रेलवे स्टेशन के पास शराब दुकान पर मनमानी का आरोप, MRP से अधिक कीमत वसूलने और रातभर अवैध बिक्री के दावे
सम्बंधित ख़बरें
