खबर digital news रिपोर्टर /कटनी– जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र से खनन कारोबार से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस में दर्ज एफआईआर के अनुसार, टिकरिया मुड़वारा स्थित लेटेराइट एवं बॉक्साइट खदान के संचालन के नाम पर करोड़ों रुपये के लेन-देन के बाद कथित धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश और रंगदारी के प्रयास का मामला दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने 9 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।एफआईआर के अनुसार, शिकायतकर्ता का आरोप है कि खदान को शुरू कराने, एनओसी और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने के नाम पर कई किश्तों में बड़ी रकम ली गई। आरोप है कि खदान शुरू होने के बाद अतिरिक्त धनराशि की मांग की गई और मांग पूरी नहीं होने पर खनिज विभाग में कथित रूप से भ्रामक जानकारी देकर खदान का संचालन रुकवाने की कोशिश की गई, जिससे कंपनी को करोड़ों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ।शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि पूरे घटनाक्रम के पीछे सुनियोजित साजिश रची गई। कथित तौर पर पीड़ित पक्ष पर लगातार आर्थिक दबाव बनाया गया और खदान संचालन प्रभावित करने के लिए प्रशासनिक प्रक्रियाओं का दुरुपयोग करने का प्रयास किया गया। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।माधवनगर थाना पुलिस ने प्रबंधक संजीव बोहरे की शिकायत पर अपराध क्रमांक 0624/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) और 318(4) के तहत प्रकरण कायम किया है। मामले में आदिल अहमद, ओमप्रकाश पाठक, हुज्जू, नानू मिश्रा, अमन मिश्रा, अलाउद्दीन, सरफराज अहमद, शबनम अहमद और तनवीर खान को नामजद आरोपी बनाया गया है।पुलिस अब बैंक खातों के लेन-देन, खनिज विभाग में प्रस्तुत दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
खबर डिजिटल संवाददाता कटनी
