खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी, 12 अगस्त— शहर में बिना सक्षम अनुमति के कॉलोनी विकसित कर भूखंडों की बिक्री करने वालों के खिलाफ नगर पालिक निगम ने सख्त रुख अपनाया है। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर की गई जांच में दो अलग-अलग स्थानों पर अवैध प्लॉटिंग और कॉलोनी विकास के मामले सामने आए। इसके बाद निगम की शिकायत पर थाना कोतवाली पुलिस ने संबंधित कॉलोनाइजरों के विरुद्ध मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम, 1956 की धारा 292-ग सहित संबंधित प्रावधानों के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।डेढ़ एकड़ जमीन पर सड़क बनाकर कर रहे थे प्लॉटिंगवीर सावरकर वार्ड में खसरा क्रमांक 607/8क, 607/5, 603, 605, 606/1 एवं 606/2 की करीब 1.50 एकड़ भूमि पर बिना सक्षम अनुमति कॉलोनी विकसित किए जाने की शिकायत निगम को मिली थी। जांच में भूमि स्वामी अजय कुशवाहा एवं अनिल कुशवाहा द्वारा करीब 200 मीटर लंबी सड़क का निर्माण कर डस्ट डालते हुए भूखंडों का विभाजन और विक्रय किए जाने की स्थिति सामने आई।निगम जांच में उक्त गतिविधियां निर्धारित नियमों के विपरीत पाए जाने के बाद वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना कोतवाली को शिकायत भेजी गई। पुलिस ने निगम की शिकायत पर संबंधितों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।राजीव गांधी वार्ड में भी अवैध कॉलोनी का मामलाइसी तरह राजीव गांधी वार्ड में खसरा क्रमांक 1417/1ग एवं 1418/1ग की कुल 0.456 हेक्टेयर भूमि पर बिना अनुमति भूखंडों का विभाजन कर कॉलोनी विकसित किए जाने का मामला सामने आया। निगम की जांच में भूखंडों के विक्रय के साथ बिना अनुमति सड़क आदि निर्माण कराया जाना भी पाया गया।मामले में निगम की शिकायत पर सुधीर कुमार जैन, निवासी हाउसिंग बोर्ड, शांतिनगर के विरुद्ध थाना कोतवाली कटनी में संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।अवैध प्लॉटिंग पर आगे भी कार्रवाईनिगमायुक्त तपस्या परिहार ने स्पष्ट किया है कि नगर निगम सीमा में बिना सक्षम अनुमति कॉलोनी विकसित करने, अवैध प्लॉटिंग करने अथवा नियमों के विपरीत भूखंड बेचने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी भूखंड या कॉलोनी में निवेश करने से पहले उसकी वैधानिक स्थिति, आवश्यक अनुमतियां और रेरा पंजीकरण अवश्य जांच लें।निगम प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि अवैध कॉलोनियों के झांसे में आने से बचें और ऐसी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नगर निगम को दें।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097
खबर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें
