खबर digital News कटनी– सस्ते दामों में सोना दिलाने का लालच देकर चाकू की नोक पर 8 लाख रुपये की डकैती करने वाले पारधी गिरोह को पकड़ने में कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 4 पुरुष और 2 महिलाओं को गिरफ्तार कर डकैती की पूरी रकम बरामद कर ली है।पीड़िता बबीता डेहरिया निवासी हर्रई, जिला छिंदवाड़ा ने कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई कि रक्षाबंधन के समय कटनी रेलवे स्टेशन के पास उसकी मुलाकात एक पारधी महिला से हुई थी, जिसने सस्ते सोने का झांसा दिया। लगातार बातचीत के बाद 24 दिसंबर को पीड़िता अपने साथियों के साथ 8 लाख रुपये नगद लेकर कटनी पहुंची, जहां खरखरी स्कूल के पास आरोपियों ने चाकू दिखाकर रुपयों से भरा बैग लूट लिया और मौके से फरार हो गए।घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के निर्देश पर कई थानों की संयुक्त टीम बनाई गई। तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना पर कैलवारा बायपास के पास घेराबंदी कर सभी आरोपियों को दो मोटरसाइकिलों सहित गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने डकैती की वारदात कबूल की।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 8 लाख रुपये नगद, 4 चाकू, 2 मोटरसाइकिल और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। आरोपियों में बुश लाल पारधी, बाबू सिंह पारधी, ग्यारह बाबू पारधी, सरीना उर्फ सहरीना, बली उर्फ बल्ली और लोंगचाई उर्फ लोंगा बाई शामिल हैं।इस कार्रवाई में कोतवाली, माधवनगर, रंगनाथनगर, बस स्टैंड चौकी एवं रीठी थाना पुलिस की अहम भूमिका रही। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
सस्ते सोने का झांसा देकर 8 लाख की डकैती करने वाला पारधी गिरोह गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस को बड़ी सफलता
सम्बंधित ख़बरें


