रीठी बायपास के पहले आईटीआई भवन के सामने सड़क किनारे अवैध प्लॉटिंग, हादसों का बढ़ा खतरा
कटनी – जिले के कटनी–रीठी मार्ग पर रीठी बायपास के पहले आईटीआई भवन के सामने सड़क से सटाकर बड़े पैमाने पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि भूमाफिया कृषि भूमि को बिना वैधानिक प्रक्रिया पूरी किए छोटे-छोटे प्लॉट में काट रहे हैं, जिससे भविष्य में बड़े हादसों की आशंका बढ़ गई है।
जानकारी के अनुसार सड़क की पट्टी से बिल्कुल सटाकर प्लॉट तैयार किए जा रहे हैं। क्षेत्रवासियों का कहना है कि आने वाले समय में इन प्लॉटों पर मकान और दुकानें बनने से सड़क की चौड़ाई प्रभावित होगी। इससे ट्रैफिक जाम, पार्किंग की समस्या और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है। मुख्य मार्ग पर निर्धारित सेटबैक और सुरक्षा मानकों का पालन न किए जाने से आमजन की जान जोखिम में पड़ सकती है।
सूत्रों के मुताबिक, बिना भूमि कन्वर्जन और टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग की अनुमति के यह प्लॉटिंग की जा रही है। मामले में राजस्व विभाग के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों की मिलीभगत की भी चर्चा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तत्काल जांच कर अवैध प्लॉटिंग पर रोक लगाई जाए और जिम्मेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो भविष्य में गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में सख्त कदम उठाता है या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा।


