खबर डिजिटल. अंकित झारिया.कटनी : मंगलवार की जनसुनवाई के दौरान कटनी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एक भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। नवपदस्थ कलेक्टर आशीष तिवारी ने अपनी कुर्सी से उठकर एक वृद्ध दिव्यांग फरियादी के पास जाकर उसकी समस्या सुनी। ढीमरखेड़ा विकासखंड के मुरवारी गाँव निवासी वृद्ध परदेशी बर्मन अपनी समस्या लेकर जनसुनवाई में पहुँचे थे। परदेशी ने कलेक्टर को बताया कि उनकी आबादी पट्टा भूमि वर्ष 2022 से किसी और व्यक्ति के नाम दर्ज हो गई है, जबकि उसी पर उनका मकान बना है। इससे वे लंबे समय से परेशान हैं।कलेक्टर तिवारी ने तुरंत उनका आवेदन लिया और एसडीएम ढीमरखेड़ा निधि गोहल को जांच कर शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।जनसुनवाई में कलेक्टर का यह संवेदनशील व्यवहार देखकर उपस्थित लोग भी भावुक हो गए और उन्होंने उनकी कार्यशैली की सराहना की।


