कटनी/खबर डिजिटल/✍️सौरभ= नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी पर की गई अमर्यादित टिप्पणी को लेकर जिले में सियासी बवाल तेज हो गया है। कांग्रेस ने इस बयान को महिला विरोधी बताते हुए विजयवर्गीय से सार्वजनिक माफी की मांग की है।जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष रजनी वर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा का असली चेहरा सामने आ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार महिलाओं और बच्चियों को लेकर अभद्र टिप्पणियां की जाती रही हैं। वर्मा ने कहा कि विजयवर्गीय ने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को भी कलंकित किया है। यदि उन्होंने माफी नहीं मांगी, तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी।शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला ने कहा कि “नवरात्रि के पवित्र अवसर पर, जब हम कन्या पूजन कर रहे हैं, भाजपा नेता ओछी टिप्पणी कर महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस इस मामले में चुप नहीं बैठेगी और सड़कों पर आंदोलन करेगी।”इसी क्रम में जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष सौरभ सिंह ने कहा कि भाजपा बेटी बचाओ का नारा देती है, लेकिन उसके ही मंत्री महिलाओं पर अशोभनीय टिप्पणी कर रहे हैं, जो निंदनीय है।कार्यक्रम में पूर्व शहर अध्यक्ष प्रियदर्शन गौर, राजा जगवानी, सुमन रजक, कल्पना पाठक, अदिता वर्मा सहित कई कांग्रेसजन मौजूद रहे।


