कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट
कटनी – सूत्रों के अनुसार हाल ही में कटनी जिला अस्पताल में एक अज्ञात शव को लेकर एक शर्मनाक घटना सामने आई। खबरों के अनुसार, शव को नगर निगम के कचरा ढोने वाले ट्रैक्टर में डालकर अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया। शव को लोहे की छड़ से घसीटते हुए इस तरह की अमानवीयता प्रशासन के लिए बड़े सवाल खड़े करती है। यह घटना प्रशासन के लिए एक करारा तमाचा साबित हुई, जिससे स्थानीय लोगों और संगठनों ने कड़ी आलोचना की।लेकिन इस घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और एक सकारात्मक कदम उठाया। जिला अस्पताल को अब गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए निशुल्क शव वाहन सेवा उपलब्ध कराई गई है। इस कदम से उन परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें अंतिम संस्कार के लिए वाहन का खर्चा उठाने में कठिनाई होती थी।साथ ही, मध्य प्रदेश सरकार ने कटनी जिले के लिए शासकीय निशुल्क शव वाहन सेवा शुरू की है, जिससे जिले के लोग अब इस सेवा का लाभ उठा सकेंगे। यह कदम प्रशासन की ओर से एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है, जो अज्ञात शव के मामले के बाद एक महत्वपूर्ण सुधार साबित हो सकता है।


