खबर डिजिटल —कटनी नगर एक बार फिर माँ जालपा की ऐतिहासिक आस्था की चुनरी यात्रा का साक्षी बनने जा रहा है। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी माँ जालपा की चुनरी यात्रा 26 जनवरी को भव्य रूप से निकाली जाएगी, जबकि 25 जनवरी को माँ जालपा सहित 64 योगिनियों का अभिषेक पूजन आयोजित होगा।जालपा मंदिर विकास समिति और महिला मंडल की बैठक में लिए गए निर्णय की जानकारी देते हुए समिति सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष माँ जालपा का 21वां वार्षिकोत्सव एवं 64 योगिनी स्थापना का 14वां वर्ष मनाया जा रहा है। 25 जनवरी को प्रातः 10 बजे से जालपा मंदिर प्रांगण में माँ जालपा सहित 64 योगिनियों का विधिवत पूजन एवं अभिषेक संपन्न होगा।वहीं 26 जनवरी को सायंकाल 5 बजे से मेन रोड स्थित दक्षिण मुखी हनुमान मंदिर से 111 मीटर लंबी चुनरी यात्रा प्रारंभ होगी। यह यात्रा सुभाष चौक, कपड़ा बाजार, झंडा बाजार, सुक्खन चौक, शेर चौक, आज़ाद चौक एवं चांडक चौक होते हुए जालपा मंदिर पहुंचेगी। मंदिर परिसर में माँ को चुनरी अर्पित करने के पश्चात महाआरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।इस वर्ष चुनरी यात्रा मार्ग में श्रद्धालुजन रंगोली सजाकर, कलश एवं दीप प्रज्ज्वलित कर चुनरी का पूजन करेंगे तथा पुष्प वर्षा से यात्रा का स्वागत करेंगे। यात्रा में बजरंग बाल रामायण समाज द्वारा भजन-कीर्तन की प्रस्तुति दी जाएगी और आकर्षक पालकी में माँ जालपा विराजित रहेंगी।इसके अलावा 27 जनवरी, मंगलवार को जालपा मंदिर प्रांगण में कन्याभोज एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। समिति ने 64 योगिनी स्थापना के यजमानों से अभिषेक पूजन में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने की अपील की है।जालपा मंदिर विकास समिति एवं महिला मंडल ने कटनी नगर के समस्त श्रद्धालु भक्तजनों से माँ जालपा के अभिषेक पूजन एवं चुनरी यात्रा में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का आग्रह किया है।
कटनी में 26 जनवरी को निकलेगी कटनी की महारानी माँ जालपा की आस्था की चुनरी यात्रा
सम्बंधित ख़बरें


