उमरिया/केजी पांडेय/खबर डिजिटल/ जिले में भाजपा और कांग्रेस के 24 वार्ड पार्षदों सहित दोनों दलों के नेताओं ने डीएफओ के खिलाफ कलेक्टर को शिकायत पत्र दिया। उन्होंने सरकारी धन के दुरुपयोग और नियमों के उल्लंघन की गंभीर शिकायत की है। उमरिया मुख्यालय के रानी दुर्गावती चौक पर पुरानी बाउंड्री को तोड़कर नई बाउंड्री सड़क के बिल्कुल किनारे बनाई जा रही है। इससे सड़क का दायरा सिकुड़ रहा है और मार्ग धीरे-धीरे इनक्लोज हो रहा है।
आम जनता और कार्यालय प्रभावित
सड़क की सीमा कम होने से आम राहगीरों को परेशानी हो रही है। साथ ही आसपास के घरों और कार्यालयों की आवाजाही भी प्रभावित होने की संभावना है। कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने डीएफओ से इस मुद्दे पर बात की, लेकिन डीएफओ ने संतोषजनक जवाब नहीं दिया और नेताओं की बात को अनसुना कर दिया।
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
नेताओं ने कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और तुरंत कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस को आंदोलन सहित कड़े कदम उठाने पड़ सकते हैं। भाजपा नेताओं ने भी इस कार्य की कड़ी निंदा की और इसे नियमों के खिलाफ बताया। फिलहाल प्रशासन की ओर से कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।


