खंडवा/हरेंद्रनाथ ठाकुर/खबर डिजिटल/ खंडवा जिले के ग्राम मालगांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक आवारा पागल कुत्ते ने अचानक गांव में घुसकर लोगों पर हमला करना शुरू कर दिया। कुछ ही मिनटों में यह कुत्ता पूरे गांव में आतंक का कारण बन गया। देखते ही देखते कुत्ते ने कुछ ही मिनट में आठ लोगों को अपना शिकार बना लिया और उन्हें काटकर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। घायलों ने बताया की कुत्ते ने सबसे पहले खेत के पास काम कर रही महिलाओं पर हमला किया और फिर गांव के अंदर घुसकर कई लोगों को काट लिया। इस हमले में कई महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि कुछ पुरुष भी कुत्ते के हमले का शिकार बने।
गांव में मचा हड़कंप
घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया। लोग अपने घरों में छिपने लगे और कुछ ने डंडे लेकर कुत्ते को पकड़ने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने मिलकर कुत्ते को मार दिया, जिससे आगे किसी बड़ी अनहोनी को टाला जा सका। लेकिन तब तक कुत्ते के हमले में कई लोग घायल हो चुके थे।
घायलों को तत्काल पहुंचाया अस्पताल
घायल महिलाओं और पुरुषों को तत्काल जिला अस्पताल खंडवा भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों ने सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए हैं और उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। जिन्हें डॉक्टर की निगरानी में रखा गया है।
ग्रामीणों ने दी जानकारी
ग्रामवासियों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में आवारा कुत्तों की संख्या बढ़ गई है, लेकिन इसकी रोकथाम के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर तुरंत कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों।
गांव में फैली दहशत
गांव में फिलहाल दहशत का माहौल है और लोग अब भी घरों से बाहर निकलने में डर महसूस कर रहे हैं। प्रशासन ने इस घटना के बाद पशु चिकित्सा दल को गांव में भेजने के निर्देश दिए हैं ताकि अन्य कुत्तों की जांच की जा सके।


