MP LPG Crisis: मध्यप्रदेश के कटनी जिले में सरकारी स्कूलों से एलपीजी सिलेंडर चोरी होने का मामला सामने आया है। सिलेंडर चोरी करने वाले चोरो ने प्रशासन और पुलिस दोनों की चिंता बढ़ा दी है। बड़वारा थाना क्षेत्र में एक गिरोह ने एक ही रात में 4 सरकारी स्कूलों को निशाना बनाते हुए गैस सिलेंडर पार कर दिए, जिससे मिड-डे मील पर संकट आ गया।
एक रात में 4 स्कूल बने निशाना
जानकारी के मुताबिक, चोरों ने अलग-अलग स्कूलों में घुसकर ताले तोड़े और सिलेंडर चोरी कर लिए। शासकीय माध्यमिक शाला भजिया से 4 भरे हुए सिलेंडर, भजिया कन्या शाला से 1, परसेल स्कूल से 3 और पनशोखर स्कूल से भी सिलेंडर चोरी होने की शिकायत सामने आई है।
मिड-डे मील पर असर
चोरी गए सिलेंडरों का उपयोग स्कूलों में मध्यान्ह भोजन बनाने के लिए किया जाता है। ऐसे में चोरी की घटना से बच्चों के भोजन व्यवस्था पर संकट खड़ा हो गया है, तो वही स्कूल प्रबंधन की चिंता भी बढ़ गई है।
पुलिस ने दर्ज किए मामले
मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी चोरी की घटनाओं में FIR दर्ज की गई है। वही पुलिस ने जांच के लिए पुलिस टीमों को सक्रिय किया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
देश में सिलेंडर की किल्लत
आपको बता दें कि देशभर में एलपीजी की कमी और कालाबाजारी की खबरों के बीच इस तरह की चोरी की घटनाएं प्रशासन के लिए नई चुनौती बनकर सामने आई हैं। जिला प्रशासन पहले से ही अवैध गतिविधियों पर नजर रखे हुए है, लेकिन अब स्कूलों की सुरक्षा को लेकर भी सख्ती बढ़ाई जा रही है।


