भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्य प्रदेश में नवंबर के मध्य के बाद ठंड की शुरुआत होती है। इस महीने के अंत में शीतलहर अपना रंग दिखाती है, लेकिन इस बार मौसम का मिजाज कुछ और ही दिखाई दिया, जोकि चौंकाने वाला है। नवंबर के पहले सप्ताह में ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई, प्रदेश के 23 जिलों में आज शीतलहर का अलर्ट जारी किया गया है। 11 शहरों में पारा 10° के नीचे दर्ज किया गया। भोपाल, इंदौर सहित कई शहर लगातार चार दिन से शीतलहर की चपेट में बने हुए हैं।
मौसम विभाग के अनुसार
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, वातावरण पूरी तरह शुष्क बना रहने से आसमान साफ है। इससे रात का तापमान लगातार सामान्य से कम पर बना रहेगा। इस तरह की स्थिति अभी दो-तीन दिन तक बने रहने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेश के राजगढ़ में रात का सबसे कम आठ डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। 30 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से कम दर्ज हुआ। भोपाल, इंदौर, शहडोल, जबलपुर में तीव्र शीतलहर एवं राजगढ़, सीहोर, शाजापुर, रीवा, मलाजखंड में शीतलहर का प्रभाव दिखाई दिया।
कोई भी वेदर सिस्टम एक्टिव नहीं
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य पाकिस्तान और उसके आसपास हवा के ऊपरी भाग में चक्रवात के रूप में बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि वर्तमान में कोई प्रभावी मौसम प्रणाली मौसम प्रणाली सक्रिय नहीं है। इस वजह से मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। प्रदेश के आसपास के राज्यों में भी अच्छी ठंड पड़ रही है।
4 दिन तक ऐसा ही रहेगा मौसम
नवबंर के पहले पखवाड़े में मौसम का इस तरह का मिजाज चौंकाता नजर आ रहा है। पिछले 50 वर्ष में नवंबर के प्रारंभिक तापमान में रात का छह या फिर सात-आठ डिग्री सेल्सियस तापमान पहली बार देखा गया। हालांकि मौजूदा मौसम को देखते हुए इस तरह का मिजाज अभी दो-तीन दिन तक बना रह सकता है।


