भोपाल। मध्य प्रदेश में गर्मी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि मालवा-निमाड़ क्षेत्र यानी इंदौर और उज्जैन संभाग के 15 में से 11 जिले अगले चार दिनों तक लू की चपेट में रहेंगे। इसके अलावा भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में भी भीषण गर्मी और हीट वेव का असर देखने को मिलेगा। बुधवार सुबह राजधानी भोपाल में बादल छाए रहे, लेकिन उमस और गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली।
आज इन जिलों में लू का अलर्ट
इंदौर, उज्जैन, रतलाम, राजगढ़, शाजापुर, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, देवास, खरगोन, खंडवा और बुरहानपुर में लू का अलर्ट है। यहां तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं, भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, बड़वानी, नीमच, आगर-मालवा, मंदसौर, रतलाम, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, ग्वालियर, गुना, शिवपुरी, दतिया, अशोकनगर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, नरसिंहपुर, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, पांढुर्णा, रीवा, सतना, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज में तेज गर्मी का असर बना रहेगा।
मंगलवार को कई जिलों में बदला मौसम
मंगलवार को प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम ने अचानक करवट ली। मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ की वजह से अलग-अलग जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिला। बालाघाट, सिवनी, दतिया, टीकमगढ़, धार, इंदौर, देवास, सीहोर, सागर, छिंदवाड़ा और रायसेन में दोपहर तक तेज गर्मी रही, लेकिन शाम होते-होते मौसम बदल गया। कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश हुई, जबकि निवाड़ी और बालाघाट में ओलावृष्टि भी दर्ज की गई। निमाड़ क्षेत्र में तेज हवाओं के साथ बारिश ने लोगों को कुछ राहत दी, लेकिन गर्मी का असर पूरी तरह कम नहीं हुआ।
प्रदेश का सबसे गर्म शहर
प्रदेश में मंगलवार को सबसे ज्यादा गर्मी का असर रतलाम में देखने को मिला। लगातार तीसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा।
रतलाम- 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड
धार में 44.5 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
श्योपुर और शाजापुर में तापमान 44 डिग्री
खरगोन में 43.6 डिग्री और गुना में 43.3 डिग्री
सागर में 43.2 डिग्री और खंडवा में 43.1 डिग्री
आगर और मंडला में 43 डिग्री
रायसेन, नर्मदापुरम, दतिया और दमोह में तापमान 42.6 डिग्री तक पहुंच गया।


