उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर से श्रद्धालुओं के लिए एक नई और अहम सुविधा जुड़ने जा रही है. अब भक्त देश-विदेश में कहीं भी बैठकर मंदिर के अन्नक्षेत्र में दान कर सकेंगे. मंदिर समिति पहली बार अन्नदान की पूरी प्रक्रिया को ऑनलाइन करने जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को काफी सहूलियत मिलेगी. मंदिर प्रशासन के मुताबिक, इस डिजिटल सेवा की शुरुआत अगले सोमवार से होने की संभावना है.
ऑनलाइन कर सकते हैं दान
दरअसल, कई लोग अपने खास अवसर जैसे जन्मदिन, शादी की सालगिरह या परिजनों की पुण्यतिथि पर अन्नदान करना चाहते हैं. धार्मिक मान्यताओं में अन्नदान को बेहद पुण्य का कार्य माना गया है. अब तक इसके लिए श्रद्धालुओं को उज्जैन आकर मंदिर में रसीद कटवानी पड़ती थी, लेकिन नई व्यवस्था के तहत यह पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन हो जाएगी. भक्त अब महाकाल मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अपनी पसंद की तारीख चुन सकेंगे और तय राशि जमा कर अन्नदान का संकल्प पूरा कर पाएंगे.
बाबा महाकाल को भोग अर्पित करने का अवसर भी मिलेगा
इस नई पहल की खास बात यह है कि दान करने वाले भक्तों को बाबा महाकाल को भोग अर्पित करने का अवसर भी मिलेगा. मंदिर की सहायक प्रशासक सिम्मी यादव के अनुसार, जो श्रद्धालु ऑनलाइन दान करेंगे, वे अपने परिवार के साथ मंदिर आ सकते हैं. मंदिर के कर्मचारी उन्हें गर्भगृह के पास तक ले जाएंगे, जहां वे अपने हाथों से बाबा को भोग लगा सकेंगे. यह अनुभव भक्तों के लिए बेहद खास और यादगार साबित होगा. मंदिर का अन्नक्षेत्र पूरी तरह दानदाताओं के सहयोग से चलता है. यहां रोजाना करीब 8 से 10 हजार श्रद्धालु निशुल्क भोजन प्रसाद ग्रहण करते हैं. भोजन व्यवस्था दिन में दो अलग-अलग समय पर संचालित होती है. मंदिर प्रशासन का मानना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से ज्यादा से ज्यादा लोग मंदिर की सेवा गतिविधियों से जुड़ पाएंगे. खासकर वे श्रद्धालु जो किसी कारणवश उज्जैन नहीं आ पाते, वे भी अब घर बैठे अन्नदान कर सकेंगे और अपनी आस्था व्यक्त कर पाएंगे.
यह भी पढ़ें-हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें-MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें-New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके
यह भी पढें-MP Pension Scheme: 55 लाख लोगों की बल्ले-बल्ले! सरकार ने ट्रांसफर किए करोड़ों रुपये, चेक करें अपना नाम


