Jyotiraditya Scindia: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का अपने संसदीय क्षेत्र गुना के दौरे के दौरान एक ऐसा अनोखा अंदाज देखने को मिला है, जिसने सोशल मीडिया से लेकर सत्ता के गलियारों तक तहलका मचा दिया है। ग्वालियर राजपरिवार के मुखिया और केंद्रीय मंत्री ने हरिपुर पंचायत में सुरक्षा के सारे तामझाम और वीआईपी प्रोटोकॉल को दरकिनार कर दिया। वे एक आम नागरिक की तरह जमीन पर बैठे और सीधे रसोईघर की कमान संभाल ली। उनके इस घरेलू अंदाज को देखकर ग्रामीण महिलाएं दंग रह गई।
खुद को रोक नहीं पाए महाराज
दरअसल, हरिपुर पंचायत क्षेत्र में आजीविका मिशन के तहत संचालित जीजी की पंचायत नामक सामुदायिक केंद्र का मुआयना करने पहुंचे केंद्रीय मंत्री ने जब महिलाओं को गर्मा-गरम पूड़ियां तलते देखा, तो वे खुद को रोक नहीं पाए। सिंधिया तुरंत जमीन पर बैठ गए, हाथ में बेलन थामा और धड़ाधड़ पूड़ियां बेलना शुरू कर दिया। इस नजारे को देखकर पूरी रसोई तालियों से गूंज उठी।
सफलता की दास्तां
सिंधिया ने क्षेत्र की ड्रोन दीदी किरण अहिरवार सहित पीएम स्वनिधि योजना की लाभार्थी महिलाएं चंदा बैरागी, सोना खान, मीनाक्षी और कामिनी शर्मा से आमने-सामने बैठकर चर्चा की। उन्होंने ग्रामीण परिवेश की इन महिलाओं के संघर्ष की कहानियों को सुना। सिंधिया ने साफ शब्दों में कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही साल 2047 के विकसित भारत की मजबूत नींव है।
लोडिंग वाहन देने का ऐलान
29 जून 2026 को हुए इस महिला सम्मेलन के मंच से केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि अंचल के जो भी महिला स्वयं सहायता समूह 1 करोड़ रुपये या उससे अधिक का टर्नओवर हासिल कर चुके हैं और उन्हें अपने उत्पादों को बाजारों तक ले जाने में परिवहन की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, उन्हें माल ढुलाई के लिए सांसद निधि से लोडिंग वाहन मुफ्त उपलब्ध कराया जाएगा।
