मैहर/अनुराग सिंह बघेल/खबर डिजिटल/ ऑपरेशन प्रहार 2.0 में पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है।अवैध मादक पदार्थ की सप्लाई चैन को नष्ट करने का काम किया जा रहा है। इसी बीच लाखों का गांजा बरामद किया गया, तीन तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की मिली बड़ी सफलता
नशे के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करते हुए मैहर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी में संलिप्त तीन आरोपियों को दबोचते हुए 21 किलो से अधिक गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब ढाई लाख रूपये आंकी जा रही है।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और एक बाइक से गांजा लेकर जा रहे तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए तीनों आरोपियों में दो मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के निवासी हैं, जबकि एक आरोपी ओडिशा का रहने वाला है। तीनों आरोपी कटनी से मैहर गांजा लेकर आ रहे थे। पुलिस अब इनसे पूछताछ कर आपूर्ति नेटवर्क और अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
आईजी गौरव सिंह का ऑपरेशन ‘प्रहार 2.0’
यह कार्रवाई रीवा रेंज के आईजी गौरव सिंह के द्वारा चलाये जा रहे आपरेशन ‘प्रहार 2.0’ अभियान के तहत की गई है, जो नशे के खिलाफ पुलिस की सख्त मुहिम का हिस्सा है।
एसपी मैहर अवधेश प्रताप सिंह ने कहा
उन्होंने बताया कि — “नशे के कारोबार गांजा, शराब, नशीली कफ सिरप की बिक्री में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस इसी तरह लगातार कार्रवाई करती रहेगी।”


