खबर डिजिटल संवाददाता कटनी— शहर के दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर में मंगलवार एवं शनिवार को उमड़ने वाली भारी श्रद्धालु भीड़ को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा विशेष डायवर्जन प्लान तैयार किया गया है। यह व्यवस्था पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संतोष डेहरिया, उप पुलिस अधीक्षक रत्नेश मिश्रा एवं नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया के मार्गदर्शन में निरीक्षक प्रभारी यातायात अनूप सिंह ठाकुर द्वारा लागू की जा रही है।यह विशेष यातायात व्यवस्था बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक सब्जी मंडी एवं दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर मार्ग क्षेत्र में प्रत्येक मंगलवार एवं शनिवार शाम 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन को ध्यान में रखते हुए मंदिर क्षेत्र को पैदल दर्शन मार्ग के रूप में विकसित किया जाएगा।यातायात पुलिस के अनुसार बरही नाका से मंदिर की ओर जाने वाले सभी चारपहिया वाहन, ऑटो एवं ई-रिक्शा प्रतिबंधित रहेंगे। इन वाहनों को मॉल रोड, खिरहनी चौकी एवं एनपीएन मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। केवल स्थानीय निवासी एवं आपातकालीन वाहनों को नियंत्रित प्रवेश दिया जाएगा।इसी प्रकार विश्वकर्मा पार्क की ओर से आने वाले वाहनों के लिए मंदिर मार्ग पूर्णतः बंद रहेगा। छोटे वाहनों को विश्वकर्मा पार्क से सुभाष चौक होते हुए स्टेशन रोड की ओर भेजा जाएगा, जबकि भारी वाहनों को पूर्व निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।सुभाष चौक क्षेत्र में मंदिर की ओर वन-वे पैदल कॉरिडोर बनाया जाएगा। ई-रिक्शा एवं ऑटो को झंडा बाजार एवं गोल बाजार की ओर डायवर्ट किया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर अस्थायी बैरिकेडिंग भी की जाएगी।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर के आसपास लगभग 200 से 300 मीटर क्षेत्र को “नो व्हीकल जोन” घोषित किया जाएगा तथा अलग पैदल मार्ग बनाया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था के तहत बरही नाका, विश्वकर्मा पार्क, सुभाष चौक एवं मंदिर मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। साथ ही क्रेन एवं टोइंग वाहन स्टैंडबाय रखे जाएंगे तथा लाउड हेलर एवं सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से नागरिकों को वैकल्पिक मार्गों की जानकारी दी जाएगी।यातायात पुलिस ने आमजन से अपील की है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं शहर की सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए निर्धारित डायवर्जन मार्गों का पालन करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
मंगल-शनिवार को बदलेगा शहर का ट्रैफिक रूट, दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर क्षेत्र बनेगा नो व्हीकल जोन
सम्बंधित ख़बरें
