खबर डिजिटल कटनी– इंदौर में हाल ही में हुई जलजनित त्रासदी को गंभीरता से लेते हुए कटनी नगर निगम की महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने सोमवार को जलप्रदाय व्यवस्था की गहन समीक्षा की। इस अवसर पर मेयर इन काउंसिल सदस्य (जलप्रदाय) श्री उमेन्द्र अहिरवार सहित जलप्रदाय विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।समीक्षा बैठक में महापौर ने नागरिकों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने को नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता बताया। उन्होंने जल आपूर्ति से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था की विस्तार से जानकारी ली। महापौर ने प्रतिदिन की जाने वाली वॉटर टेस्टिंग की संख्या, परीक्षण प्रक्रिया, शहर की सभी जल टंकियों की नियमित सफाई, जल की गुणवत्ता एवं उपलब्धता की स्थिति पर विशेष चर्चा की।महापौर ने निर्देश दिए कि जिन हैंडपंपों का पानी पीने योग्य नहीं है, उन्हें अलग रंग की कोडिंग कर स्पष्ट सूचना चस्पा की जाए, ताकि नागरिक भ्रमित न हों और दूषित पानी के उपयोग से बच सकें। साथ ही शहर में जहां-जहां जल परीक्षण किया जाता है, वहां पर्याप्त संख्या में सूचना बैनर लगाए जाने के निर्देश भी दिए, जिससे आम नागरिक अपने घरों से पानी के सैंपल लाकर जांच करा सकें।महापौर ने कहा कि पारदर्शिता और जनजागरूकता के माध्यम से ही जलजनित बीमारियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए जलापूर्ति के समय में आवश्यक परिवर्तन करने के निर्देश भी दिए।इसके अलावा राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार को आयोजित होने वाली “जल सुनवाई” को नियमित और प्रभावी रूप से आयोजित करने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि वार्ड स्तर पर जलापूर्ति से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा सके और मौके पर ही पेयजल के नमूनों की जांच हो सके।बैठक में उपयंत्री श्री मृदुल श्रीवास्तव, केमिस्ट श्री मानेन्द्र सिंह बघेल, समस्त क्षेत्रीय समयपाल सहित जलप्रदाय विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। महापौर ने सभी अधिकारियों से जिम्मेदारी, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताते हुए स्पष्ट किया कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।Mayor Reviews City Water Supply System, Issues Key Directions on Testing and Public Hearings
जलप्रदाय व्यवस्था की महापौर ने की गहन समीक्षावॉटर टेस्टिंग से लेकर जल सुनवाई तक दिए अहम निर्देश
सम्बंधित ख़बरें


