खबर डिजिटल न्यूज़ रिपोर्टर /कटनी, 4 अगस्त— नगर निगम कटनी में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। महापौर प्रीति संजीव सूरी ने आमजन की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई के स्पष्ट निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान पेयजल, सड़क, नाली, स्वच्छता, अतिक्रमण, राजस्व सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़े मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। महापौर ने अधिकारियों से प्रत्येक प्रकरण की स्थिति की जानकारी ली और कहा कि शिकायतों का समाधान केवल कागजी प्रक्रिया तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसका परिणाम आम नागरिकों को समय पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने सभी मामलों की नियमित मॉनिटरिंग करने और आवेदकों को कार्रवाई की जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।एक ही छत के नीचे मिला विभागीय समाधानजनसुनवाई में नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के अधिकारी एक साथ मौजूद रहे, जिससे कई मामलों में तत्काल विभागीय समन्वय स्थापित हुआ। कई शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि अन्य मामलों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई।महापौर प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि जनसुनवाई नगर निगम और नागरिकों के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है। उन्होंने शहरवासियों से प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई में शामिल होकर अपनी समस्याएं सीधे रखने की अपील की। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
कटनी से सौरभ श्रीवास्तव की रिपोर्ट मो. 9131308097
खबर एवं विज्ञापन के लिए संपर्क करें
