देशभर में 20 मई बुधवार को मेडिकल स्टोर बंद रहने वाले हैं. ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स यानी एआइओसीडी के आह्वान पर यह एक दिवसीय राष्ट्रव्यापी बंद बुलाया गया है. सिवनी सहित कई जिलों के मेडिकल व्यापारियों ने इस बंद को पूरा समर्थन देने की घोषणा की है. मेडिकल संचालकों ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी असुविधा से बचने के लिए अपनी जरूरी दवाइयां पहले ही खरीद लें.
मेडिकल स्टोर रहेंगे बंद
सिवनी केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष अरुण राठौर और सचिव विजय चंदानी ने बताया कि जिले के सभी मेडिकल स्टोर पूरे दिन बंद रहेंगे. उनका कहना है कि यह फैसला ई-फार्मेसी और बड़ी कॉरपोरेट कंपनियों द्वारा दी जा रही भारी छूट के विरोध में लिया गया है. व्यापारियों का आरोप है कि बड़ी कंपनियां कम कीमतों और आकर्षक ऑफर्स के जरिए बाजार पर कब्जा करने की कोशिश कर रही हैं, जिससे छोटे मेडिकल स्टोर का कारोबार प्रभावित हो रहा है.
क्यों बंद रहेंगे स्टोर
एआइओसीडी के मुताबिक संगठन लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर सरकार से संपर्क कर रहा था. संगठन के अध्यक्ष जे.एस. शिंदे और महासचिव राजीव सिंघल ने बताया कि प्रधानमंत्री, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य मंत्रालय और ड्रग्स कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया को कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई. इसी कारण देशभर के लाखों केमिस्ट और दवा वितरकों ने बंद का फैसला लिया है. मेडिकल व्यापारियों की प्रमुख मांगों में अवैध ई-फार्मेसी पर पूरी तरह रोक लगाना, कॉरपोरेट कंपनियों की शोषणकारी प्राइसिंग पर नियंत्रण और कुछ सरकारी नोटिफिकेशन वापस लेना शामिल है. उनका कहना है कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना पर्याप्त निगरानी के दवाओं की बिक्री हो रही है, जो मरीजों के स्वास्थ्य के लिए खतरनाक साबित हो सकती है.
व्यापारियों ने जताई चिंता
व्यापारियों ने यह भी चिंता जताई है कि कई बार बिना डॉक्टर की सलाह और बिना वैध प्रिस्क्रिप्शन के दवाएं आसानी से उपलब्ध हो जाती हैं. इससे गलत दवाओं के इस्तेमाल, एंटीबायोटिक्स के दुरुपयोग और नकली दवाओं के कारोबार को बढ़ावा मिल सकता है. संगठन का मानना है कि दवाएं सामान्य उत्पाद नहीं हैं, बल्कि सीधे लोगों की सेहत से जुड़ी होती हैं. हालांकि एसोसिएशन ने यह स्पष्ट किया है कि बंद के दौरान जरूरी और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं को प्रभावित नहीं होने दिया जाएगा.
यह भी पढ़ें-हर महीने 5000 तक पेंशन! जानिए Atal Pension Yojana की पूरी डिटेल, कौन और कैसे कर सकते हैं अपलाई
यह भी पढ़ें-MP में किसानों की बल्ले-बल्ले! भू-अर्जन संशोधन से यूं मिलेगा बंपर फायदा
यह भी पढ़ें-इस देश में टॉयलेट सीट की होती है पूजा, जानें हैरान कर देने वाली कहानी
यह भी पढें-New COVID Variant BA.3.2 Cicada: फिर कोरोना की एंट्री, जानें लक्षण और बचाव के तरीके


