MP Morning News: मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल समेत देशभर से इस वक्त की बड़ी खबरें सामने आ रही हैं, जहां आम जनता से लेकर राजनीति तक कई अहम फैसले चर्चा में हैं।
आज से कई चीजे हुई मंहगी
सबसे पहले बात आम लोगों की जेब पर पड़ने वाले असर की। 1 अप्रैल से कई जरूरी चीजें महंगी हो गई हैं। दूध, बिजली, ब्रेड, साबुन, डिटर्जेंट, टीवी और एसी जैसे सामानों की कीमतों में 20 से 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी देखी जा सकती है। बिजली दरों में भी करीब 4.80% का इजाफा हुआ है, वहीं ATM ट्रांजैक्शन और फास्टैग से जुड़ी लागत भी बढ़ गई है।
रेलवे ने बदले नियम
रेल यात्रियों के लिए भी नियमों में बदलाव किया गया है। अब टिकट कैंसिल कराने पर 8 से 24 घंटे के बीच 50% और 24 से 72 घंटे पहले 25% कटौती होगी। साथ ही ऑफलाइन टिकट अब कहीं से भी कैंसिल कराए जा सकेंगे और यात्रा से 30 मिनट पहले तक डिटेल अपडेट करने की सुविधा दी गई है।
निगम मंडल को लेकर दिल्ली में बैठक
आज दिल्ली में मध्यप्रदेश बीजेपी को लेकर बड़ी बैठकें होने जा रही हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल शीर्ष नेतृत्व के साथ संगठन और निगम-मंडलों को लेकर मंथन करेंगे। वहीं, पिछली बैठकों का फीडबैक भी साझा किया जाएगा।
मेवाड़ा हत्याकांड, पैदल मार्च आज
इधर भोपाल में हिंदू संगठनों ने विजय मेवाड़ा हत्याकांड को लेकर मुख्यमंत्री निवास तक पैदल मार्च निकाला है। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों पर NSA और बुलडोजर कार्रवाई की मांग की है। मामले में दो आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि मुख्य आरोपी पर इनाम घोषित किया गया है।
नशे के खिलाफ अभियान
राज्य में नशे के खिलाफ भी सख्त कदम उठाए गए हैं। डीजीपी कैलाश मकवाना के निर्देश पर आज से ड्रग्स के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसके तहत 6 अप्रैल तक एक्शन प्लान तैयार किया जाएगा।
स्कूल चले हम अभियान आज
वहीं, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज भोपाल में स्कूल चलें हम अभियान की शुरुआत करेंगे और इसके बाद दिल्ली दौरे पर रवाना होंगे। इस अभियान के जरिए बच्चों के नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
15 अप्रैल से भीषण गर्मी
मौसम की बात करें तो अप्रैल की शुरुआत आंधी और बारिश से हुई है, लेकिन 15 अप्रैल के बाद भीषण गर्मी का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है। ग्वालियर-चंबल समेत कई इलाके तेज गर्मी की चपेट में आ सकते हैं।
पटवारी नेतृत्व पर उठे सवाल
उधर कांग्रेस में भी अंदरूनी असंतोष सामने आया है। युवक कांग्रेस की बैठक में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के नेतृत्व पर सवाल उठे हैं, जहां कार्यकर्ताओं ने सीधे तौर पर अपनी नाराजगी जाहिर की।


