MP Rajya Sabha: मध्य प्रदेश में आगामी जून के महीने में होने जा रहे राज्यसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी के खेमे से बड़ी खबर सामने आ रही है। टिकटों के अंतिम वितरण और दिल्ली हाईकमान की मुहर लगवाने के लिए भाजपा के मध्य प्रदेश प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल अचानक बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे। दिल्ली दरबार में उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बी. एल. संतोष के साथ एक गोपनीय बैठक की।
कैलाश विजयवर्गीय जाएंगे राज्यसभा!
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुरसार मध्य प्रदेश भाजपा संगठन की ओर से केंद्रीय चुनाव समिति को करीब 15 संभावित दावेदारों का एक पैनल सौंपा गया है। इस पैनल को जातिगत और क्षेत्रीय समीकरणों के आधार पर अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इस सूची में सबसे चौंकाने वाला और प्रमुख नाम सूबे के कद्दावर नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बताया जा रहा है, जिन्हें दिल्ली की राजनीति में वापस सक्रिय किया जा सकता है।
एससी-एसटी और ओबीसी चेहरे
विजयवर्गीय के अलावा अनुसूचित जाति वर्ग से बड़ा चेहरा और अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य और कद्दावर नेता व पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया का नाम भी रेस में आगे चल रहा है। इनके साथ ही कुछ अन्य सीनियर ओबीसी और एसटी वर्ग के कद्दावर नेताओं के नामों पर भी दिल्ली में चिंतन हुआ है।
नेताओं को चुप रहने की हिदायत
राज्यसभा चुनाव में सबसे बड़ा मोड़ भाजपा की तीसरी सीट की रणनीति को लेकर आता दिख रहा है। संख्या बल के हिसाब से यह तीसरी सीट मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के पाले में जाती दिख रही है, लेकिन अंदरूनी गलियारों से जो सबसे बड़ा संकेत मिल रहा है, उसके मुताबिक भाजपा फिलहाल मध्य प्रदेश की इस तीसरी राज्यसभा सीट पर अपना कोई उम्मीदवार उतारने के मूड में नहीं दिखाई दे रही है। केंद्रीय नेतृत्व ने प्रदेश इकाई और स्थानीय नेताओं को सख्त हिदायत जारी की है कि मीडिया या किसी भी सार्वजनिक मंच पर कोई भी बयानबाजी न की जाए।
