कान्हीवाड़ा/खबर डिजिटल/संतोष वन्देवार/ सिवनी जिले के कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भटेखारी में एक 50 वर्षीय व्यक्ति द्वारा अज्ञात कारणों से जहरीले पदार्थ का सेवन करने का दुखद मामला सामने आया है। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही पीड़ित ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राथमिक उपचार के बाद किया था जिला अस्पताल रेफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम भटेखारी निवासी वीर सिंह पटले 50 वर्ष ने अज्ञात कारणों के चलते किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत बिगड़ने पर परिजनों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद वे आनन-फानन में उन्हें तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कान्हीवाड़ा लेकर पहुंचे। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर कर दिया।
रास्ते में थमी सांसें, कारण अज्ञात
दुर्भाग्यवश, परिजन जब तक उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचते, रास्ते में ही वीर सिंह पटले की मौत हो गई। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जांच में जुटी कान्हीवाड़ा पुलिस
वीर सिंह ने किन परिस्थितियों और किस कारण से जहरीले पदार्थ का सेवन किया, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलने पर कान्हीवाड़ा थाना पुलिस ने शव को मरणोपरांत परीक्षण (पोस्टमार्टम) के लिए भेजकर मर्ग दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
