जबलपुर/खबर डिजिटल/ मनीष तिवारी/ जबलपुर में बारिश के मौसम में जेडीए द्वारा की जा रही अतिक्रमण की कार्रवाई पर विधायक अभिलाष पांडे ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने जेडीए सीईओ के रवैये को अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि बिना पूर्व नोटिस दिए और न्यायालय की समय-सीमा का पालन किए बिना, भारी बारिश में 150 गरीब परिवारों और उनके छोटे बच्चों को बेघर करने का प्रयास पूरी तरह से गलत है। विधायक ने आरोप लगाया कि जेडीए सीईओ खुद जिम्मेदारी से बचते नजर आए और उन्होंने मौके पर एक ऐसे अधिकारी को भेज दिया जिसे कार्रवाई की कोई जानकारी ही नहीं थी, जिसके लिए स्वयं एसडीएम ने भी उस अधिकारी को फटकार लगाई।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे विधायक पांडे ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों एसडीएम, सीएसपी के साथ चर्चा कर मामले में हस्तक्षेप किया। बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया है कि न्यायालय के आदेशों का पालन किया जाएगा, लेकिन प्रभावित परिवारों को बेघर करने के बजाय उन्हें जेडीए के ईडब्ल्यूएस क्वार्टरों में शिफ्ट किया जाएगा, जहां नियमानुसार उनका पंजीकरण व फाइनेंस की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस दौरान विधायक ने केशरवानी समाज की एजुकेशन सोसाइटी को भी उनके मानवीय सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और स्पष्ट चेतावनी दी कि वह जेडीए सीईओ की इस लापरवाही और निंदनीय कार्यप्रणाली की शिकायत उचित मंच पर करेंगे।
