MP Bjp : मध्य प्रदेश बीजेपी संगठन और सरकार स्तर पर लगातार नए प्रयोग कर रही है। इसी कड़ी में जनता और जनप्रतिनिधियों के बीच सीधा संवाद हो सके इसके लिए अब एक नई व्यवस्था पर विचार किया जा रहा है। जिसके तहत मंत्री, विधायक और सांसदों का समय और स्थान तय किया आएगा, जो जनता की समस्याएं सुनेंगे।
मोहन-हेमंत का बड़ा प्लान
सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के बीच इस नए प्लान को लेकर चर्चा चल रही है। योजना है कि सप्ताह में कम से कम दो दिन मंत्री अपने-अपने मंत्रालय में बैठकर आम लोगों से सीधे मिलें और उनकी शिकायतों का समाधान करें। इसके लिए मंत्रियों के दिन तय किए जाएंगे। इतना ही नहीं कैबिनेट बैठकों को भी अधिकतर मंगलवार को आयोजित करने की योजना है, क्योंकि इस दिन ज्यादातर मंत्री राजधानी भोपाल में मौजूद रहते हैं।
लगेगी विधायक-सांसदों की ड्यूटी
नई व्यवस्था में सांसदों और विधायकों की भूमिका भी अहम होगी। सूत्रों के मुताबिक, विधायक सप्ताह में दो दिन और सांसद महीने में तय कार्यक्रम के अनुसार पार्टी के जिला कार्यालयों में बैठकर जनता की समस्याएं सुनेंगे। जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों को सीधे जनप्रतिनिधियों तक पहुंचने का मौका मिलेगा।
आपको बता दें कि इससे पहले भी मंत्रियों को भाजपा कार्यालय में बैठकर जनता से संवाद करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। अब इस व्यवस्था को और व्यवस्थित बनाने की तैयारी है।


