गर्मियों के मौसम में किचन में ज्यादा समय बिताना किसी चुनौती से कम नहीं होता. ऐसे में लोग ऐसे खाने की तलाश में रहते हैं जो जल्दी बन जाए, हल्का हो और गैस जलाने की जरूरत भी न पड़े. इसी को ध्यान में रखते हुए कुछ आसान और स्वादिष्ट रेसिपी काफी पसंद की जा रही हैं, जिन्हें बिना गैस के भी तैयार किया जा सकता है. ये न सिर्फ समय बचाती हैं बल्कि शरीर को ठंडक भी देती हैं.
सबसे पहले बात करते हैं कर्ड सैंडविच की. यह एक हेल्दी और ताजगी से भरपूर ऑप्शन है. इसमें दही को अच्छी तरह फेंटकर उसमें अपनी पसंद की सब्जियां जैसे खीरा, टमाटर, प्याज और थोड़ा सा नमक और मसाला मिलाया जाता है. इसके बाद इस मिश्रण को ब्रेड के बीच लगाकर सैंडविच तैयार कर लिया जाता है. यह खाने में हल्का होता है और गर्मी में पेट को ठंडा रखने में मदद करता है.
दूसरी रेसिपी है फ्रूट सैंडविच, जो खासतौर पर मीठा पसंद करने वालों के लिए बेहतरीन है. इसमें ब्रेड पर क्रीम या हंग कर्ड लगाया जाता है और उसके ऊपर सेब, केला, आम या स्ट्रॉबेरी जैसे ताजे फल रखे जाते हैं. चाहें तो इसमें थोड़ा सा शहद या चाट मसाला भी डाला जा सकता है. यह सैंडविच स्वाद के साथ साथ पोषण से भी भरपूर होता है और बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है.
तीसरा विकल्प है गुआकामोले टोस्ट, जो इन दिनों काफी ट्रेंड में है. इसे बनाने के लिए पके हुए एवोकाडो को मैश किया जाता है और उसमें नींबू का रस, नमक, काली मिर्च और बारीक कटी सब्जियां मिलाई जाती हैं. इस मिश्रण को ब्रेड या टोस्ट पर फैलाकर तुरंत सर्व किया जाता है. इसका स्वाद थोड़ा अलग होता है लेकिन यह काफी हेल्दी माना जाता है. इन तीनों रेसिपी की खास बात यह है कि इन्हें बनाने में ज्यादा मेहनत नहीं लगती और न ही गैस या ओवन की जरूरत होती है. खासकर गर्मियों में जब तापमान ज्यादा होता है, तब ये डिशेस एकदम परफेक्ट साबित होती हैं. इसके अलावा, ये सभी ऑप्शन उन लोगों के लिए भी अच्छे हैं जो फिटनेस का ध्यान रखते हैं या कुछ हल्का खाना पसंद करते हैं. इनमें तेल और मसालों का इस्तेमाल बहुत कम होता है, जिससे ये सेहत के लिए फायदेमंद बन जाते हैं.
यह भी पढ़ें- Weather Update: मध्यप्रदेश में बारिश और आंधी का अलर्ट, इन राज्यों में अचानक बदलेगा मौसम, लेटेस्ट अपडेट


