भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 124वें एपिसोड रविवार को जी-3 गुलमोहर कॉलोनी स्थित शील पब्लिक स्कूल में सुना गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थानीय रहवासियों के साथ कार्यक्रम को श्रवण किया।
रहवासियों के साथ मुख्यमंत्री ने किया पौधारोपण
कार्यक्रम के समापन पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शील पब्लिक स्कूल परिसर में स्थानीय रहवासियों के साथ मिलकर बरगद का पौधा रोपित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों से सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम बन गया है। इससे देशभर की प्रेरणादायक जानकारियाँ मिलती हैं, जो राष्ट्र निर्माण के मार्ग में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छता सर्वेक्षण में भोपाल ने इस बार उल्लेखनीय प्रगति की है और राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई है। इसके लिए उन्होंने सभी नागरिकों को हार्दिक बधाई दी।
“मन की बात” कार्यक्रम में बोले मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
- मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के “मन की बात” कार्यक्रम को जनता से सीधे संवाद का अभिनव मंच बताया।
- इस कार्यक्रम के माध्यम से देश के हर कोने की सकारात्मक जानकारियाँ साझा होती हैं और आपसी रिश्ते मजबूत होते हैं।
- उन्होंने असम के काजीरंगा पार्क, चित्रकूट की गुप्त गोदावरी और लखनऊ के पास गोमती सफाई अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि “मन की बात” हमें देशभर की छोटी लेकिन महत्वपूर्ण जानकारियों से जोड़ती है।
- भोपाल की स्वच्छता उपलब्धि पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि भोपाल ने स्वच्छता रैंकिंग में अहमदाबाद के बाद दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
- रातापानी अभयारण्य को टाइगर रिजर्व घोषित किए जाने का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे वन्यजीव और मानव सह-अस्तित्व का अनूठा उदाहरण बताया।
- चंदेरी और महेश्वरी साड़ियों के प्रचार-प्रसार पर बल देते हुए उपहार में इनके प्रयोग की अपील की।
- सावन और राखी के महत्व पर बोलते हुए उन्होंने बेटियों को “दो घरों की शोभा” बताया और कहा कि सरकार ने रक्षाबंधन पर 1 करोड़ 29 लाख बहनों को ₹250 की राशि देने का निर्णय लिया है।
- रीवा में 3000 करोड़ का निवेश आया , जिससे हज़ारों नए रोजगार सृजित होंगे।
- गोकुलदास इंडस्ट्री द्वारा 51,000 बहनों को रेडीमेड वस्त्र उद्योग में रोजगार देने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उद्योगों में काम करने वाली बहनों को 10 वर्षों तक प्रतिमाह ₹6,000 और भाइयों को ₹5,000 की सहायता दी जाएगी।
- उन्होंने घोषणा की कि 10 अगस्त को भोपाल में रेल डिब्बे निर्माण के बड़े कारखाने का भूमि पूजन होगा, जहाँ वंदे भारत से लेकर मेट्रो तक के डिब्बे बनाए जाएंगे।
- “मन की बात” लोकतंत्र और देशभक्ति को सशक्त बनाने वाला कार्यक्रम है और हम सबको प्रधानमंत्री के नेतृत्व में विकास यात्रा में सहभागी बनना चाहिए।

प्रबंधन समिति के सदस्य अखिलेश त्रिवेदी ने कहा
जी-3 गुलमोहर रहवासी संघ के कार्यकारिणी सदस्य अखिलेश त्रिवेदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ देश को गौरवान्वित करने वाला कार्यक्रम है, इससे युवाओं को प्रेरणा लेकर देशहित में योगदान देना चाहिए।
कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर जी 3 गुलमोहर रहवासी संघ के अध्यक्ष ललित यादव, उपाध्यक्ष आर.के. यति, सचिव आर.एन. त्रिपाठी, अखिलेश त्रिवेदी, अनुपम दुबे, पुनीत वर्मा, प्रफुल्ल जोशी, उमा श्रीवास्तव, गरिमा श्रीवास्तव, हरी नारायण शर्मा समेत संघ के अन्य कार्यकारी पदाधिकारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


