मुरैना/शुभम कुलश्रेष्ठ/खबर डिजिटल/ मुरैना जिले में हुए भीषण सड़क हादसे में अब मौतों का आंकड़ा बढ़ गया है। पोरसा थाना क्षेत्र के जौंटई चौराहे पर बीती रात तेज रफ्तार कार से हुए हादसे में दो लोगों की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतकों में एक 11 वर्षीय बच्चा और एक बुजुर्ग शामिल हैं।
भाजपा नेता दीपेंद्र भदौरिया पर आरोप
जानकारी के अनुसार, भाजपा नेता दीपेंद्र भदौरिया ने तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चलाते हुए सर्दी से बचने के लिए अलाव ताप रहे पांच लोगों को रौंद दिया था। हादसे के बाद सभी घायलों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल मुरैना रेफर किया गया, जहां रातभर उनका इलाज चलता रहा। सुबह इलाज के दौरान एक बुजुर्ग और बच्चे ने दम तोड़ दिया।
आरोपी की तलाश जारी
घटना के बाद से आरोपी भाजपा नेता दीपेंद्र भदौरिया पुलिस की गिरफ्त से फरार बताया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि आरोपी की तलाश जारी है और उसके घर व रिश्तेदारों के ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। हालांकि, घटना के बाद पुलिस की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है और इसे पूरी तरह नाकाम बताया जा रहा है।
भाजपा नेता दीपेंद्र भदौरिया
हादसे को लेकर क्षेत्र में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई होती तो आरोपी फरार नहीं होता। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार आरोपी की तलाश जारी है।


