Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशMP BJP MLA: MP BJP विधायक की दबंगई, ड्राइवर को जड़ा थप्पड़,...

MP BJP MLA: MP BJP विधायक की दबंगई, ड्राइवर को जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल

MP BJP MLA: मध्यप्रदेश के सतना जिले से सत्ता के नशे और बदसलूकी का एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सूबे की सियासत में भूचाल ला दिया है। चित्रकूट विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वे अपनी ही कार के ड्राइवर को सरेआम थप्पड़ मारते साफ नजर आ रहे हैं। यह पूरी घटना उस वक्त हुई जब मीडियाकर्मी विधायक से सवाल पूछ रहे थे, और उनसे बचने के लिए विधायक जल्दी में गाड़ी आगे बढ़वाना चाहते थे।

शिविर में पहुंचे थे विधायक

जानकारी के अनुसार यह पूरा मामला बीते बुधवार यानी 10 जून को चित्रकूट में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर के दौरान शुरू हुआ। शिविर समाप्त होने के बाद विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार जैसे ही बाहर निकले, स्थानीय मीडियाकर्मियों ने उन्हें घेर लिया। विधायक कुछ सवालों के जवाब देते हुए असहज दिखे और तेजी से अपनी वीआईपी गाड़ी की तरफ बढ़ गए। विधायक जैसे ही कार की अगली सीट पर बैठे, एक पत्रकार ने क्षेत्र में चल रही बिजली कटौती और महीनों से लटके पड़े अंडरग्राउंड विद्युत लाइन प्रोजेक्ट की सच्चाई को लेकर सवाल दाग दिया।

साहब ने जड़ दिया थप्पड़!

पत्रकार के कैमरे के सामने बिजली मुद्दे पर घिरते ही विधायक सुरेंद्र सिंह गहरवार बुरी तरह झल्ला गए। उन्होंने मीडिया के कैमरों से बचने के लिए तुरंत अपने ड्राइवर को इशारा किया कि वह गाड़ी स्टार्ट कर फौरन आगे बढ़ाए, लेकिन गाड़ी बंद थी, इसलिए ड्राइवर को उसे स्टार्ट करने और गियर बदलने में देरी हो गई। ड्राइवर की देरी विधायक बर्दाश्त नहीं कर सके और मीडिया के कैमरों के सामने ही विधायक ने आव देखा न ताव, सीट पर बैठे-बैठे ही ड्राइवर के गाल पर एक थप्पड़ जड़ दिया।

सोशल मीडिया पर फूटा गुस्सा

शुक्रवार और शनिवार को जब यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लीक हुआ, तो जनता का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। लोग सत्ता पक्ष के विधायक के इस व्यवहार की निंदा कर रहे हैं और संगठन से उन पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग की जा रही है। राजनैतिक गलियारों में चर्चा है कि एक तरफ मध्य प्रदेश कांग्रेस राज्यसभा सीट गंवाने के बाद खुद को संभालने में जुटी थी, वहीं भाजपा विधायक के इस कृत्य ने कांग्रेस को सड़क पर उतरने का एक बड़ा मुद्दा दे दिया है।

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट