Monday, November 2, 2026
Homeमध्यप्रदेशMP Congress Next CM: मध्य प्रदेश कांग्रेस में CM फेस की जंग...

MP Congress Next CM: मध्य प्रदेश कांग्रेस में CM फेस की जंग शुरू? उमंग सिंघार और जीतू पटवारी के पोस्ट वायरल

मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव अभी काफी दूर हैं, लेकिन कांग्रेस के अंदर मुख्यमंत्री पद को लेकर चर्चाएं तेज होने लगी हैं. पार्टी नेताओं और उनके समर्थकों के बीच भविष्य के नेतृत्व को लेकर माहौल बनना शुरू हो गया है. सोशल मीडिया पर लगातार ऐसे पोस्ट और वीडियो सामने आ रहे हैं, जिनमें अलग-अलग नेताओं को प्रदेश का अगला मुख्यमंत्री बताया जा रहा है. इससे साफ संकेत मिल रहे हैं कि कांग्रेस में अंदरूनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाएं अब खुलकर सामने आने लगी हैं.

मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस में चर्चा तेज

नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा में हैं. उनके समर्थकों की ओर से साझा की गई एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है, जिसमें उन्हें मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठे हुए दिखाया गया है. तस्वीर में सामने लगी नेम प्लेट पर “माननीय उमंग सिंघार, मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश” लिखा दिखाई दे रहा है. वहीं पीछे कैबिनेट बैठक का सरकारी बैकग्राउंड भी नजर आ रहा है. पोस्ट के साथ “अगला मुख्यमंत्री – उमंग सिंघार” जैसा संदेश भी लिखा गया है.

जीतू पटवारी के समर्थक भी प्रचार में पीछे नहीं

इधर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के समर्थक भी प्रचार में पीछे नहीं हैं. सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से शेयर किया जा रहा है, जिसमें जीतू पटवारी को मध्य प्रदेश का भावी मुख्यमंत्री बताया गया है. वीडियो में एक डायलॉग सुनाई देता है कि “सरकार बहुत जल्द गिरने वाली है और अगले सीएम आपके सामने बैठे हैं.” इस तरह की सामग्री अब कांग्रेस के भीतर चल रही नेतृत्व की प्रतिस्पर्धा को खुलकर दिखा रही है. राज्य में विधानसभा चुनाव होने में अभी करीब ढाई साल बाकी हैं, लेकिन कांग्रेस नेताओं के बीच मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर अभी से शुरू हुई यह दौड़ राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गई है. जानकारों का मानना है कि लंबे समय से सत्ता से बाहर रहने के कारण पार्टी के कई नेता खुद को भविष्य के चेहरे के तौर पर स्थापित करने की कोशिश कर रहे हैं.

सोशल मीडिया पर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने

सोशल मीडिया पर भी इस मुद्दे को लेकर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं. कुछ लोग इसे कांग्रेस की जरूरत से ज्यादा आत्मविश्वास वाली राजनीति बता रहे हैं, तो कुछ इसे “एक अनार सौ बीमार” जैसी स्थिति कहकर तंज कस रहे हैं. वहीं कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि पार्टी को पहले चुनाव जीतने की रणनीति बनानी चाहिए या फिर मुख्यमंत्री पद की दावेदारी तय करनी चाहिए.मध्य प्रदेश कांग्रेस में अभी से शुरू हुई सीएम फेस की राजनीति आने वाले समय में नए राजनीतिक समीकरण बना सकती है. फिलहाल चुनाव दूर हैं, लेकिन नेताओं के समर्थकों की सक्रियता ने यह जरूर दिखा दिया है कि सत्ता की तस्वीरें अभी से तैयार की जाने लगी हैं.

सम्बंधित ख़बरें

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

लेटेस्ट