भोपाल/खबर डिजिटल/ एक तरफ मध्य प्रदेश में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। दूसरी तरफ अनुसूचित जाति वर्ग के अभ्यर्थियों में निराशा फैल गई है, क्योंकि मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (MPESB) ने वन विभाग के अंतर्गत वनरक्षक के 728 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। ऑनलाइन आवेदन 28 फरवरी 2026 से प्रारंभ हो चुके हैं, लेकिन अबकी बार अनुसूचित जाति वर्ग (SC) वर्ग का एक भी पद नहीं रखा गया है, जिसके चलते सोशल मीडिया पर लगातार विरोध के स्वर बुलंद होते नजर आ रहे हैं।
728 पदों पर भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत
वन विभाग में कुल 728 वनरक्षक पदों पर नियुक्ति की जाएगी। इसमें सामान्य वर्ग के लिए कुल 310, अनुसूचित जनजाति के लिए कुल 143, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 198, आर्थिक रुप से कमजोर वर्ग (EWS) के लिए कुल 77 पद आरक्षित किए गए हैं। जबकि अनुसूचित जाति वर्ग का एक भी पद आरक्षित नहीं किया गया है, हालांकि चयन प्रक्रिया को पारदर्शी तरीके से आयोजित करने की बात कही जा रही है। जिनका चयन लिखित परीक्षा के आधार पर होगा।
आवेदन की अंतिम तिथि 14 मार्च 2026
वनरक्षक के 728 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 14 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपना पंजीकरण पूरा कर लें। नियमानुसार, उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (10+2) उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 500 रुपये प्रति प्रश्न पत्र रखा गया है। वहीं, मध्य प्रदेश के मूल निवासी अन्य वर्गों के अभ्यर्थियों के लिए शुल्क 250 रुपये निर्धारित किया गया है। शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
एक नजर में महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन शुरू: 28 फरवरी 2026
आवेदन की अंतिम तिथि: 14 मार्च 2026
फॉर्म संशोधन की अंतिम तिथि: 19 मार्च 2026
लिखित परीक्षा तिथि: 7 अप्रैल 2026 (दो पालियों में प्रस्तावित)


