भोपाल/सुनील बंशीवाल/खबर डिजिटल/ मध्यप्रदेश में आईपीएस अधिकारियों की ट्रांसफर लिस्ट आने की बात कही जा रही थी, जोकि फिलहाल अटक गई है। कयासबाजी का दौर जारी था कि विधानसभा सत्र के खत्म होते ही सूची जारी हो जाएगी, लेकिन फिलहाल इस पर ब्रेक लगा दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक रंगपंचमी और ईद का त्यौहार नजदीक होने के चलते फेरबदल को टाल दिया गया। गृह विभाग ने सूची को होल्ड कर लिया, क्योंकि मैदानी अधिकारियों को संवेदनशील वक्त में इधर-उधर करना अच्छी सोच का परिचायक नहीं होता है।
2020 बैच के अधिकारियों को मिलेगा फायदा
मोहन सरकार के राज में 2020 बैच के अधिकारियों को अधिक से अधिक मैदानी जिम्मेदारी सौंपी जा रही है, जिस तरह से ओबीसी आरक्षण के केसों के लिए 2020 बैच की आईएएस कविता बाटला को जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसी तरह का प्रयोग आईपीएस अधिकारियों की सूची में भी दिखाई देने की संभावना है, जिन्हें जिलों की जिम्मेदारी सौंपकर प्रमोट किया जाएगा। वहीं अब तक 2019 बैच के आईपीएस भी जिलों में एसपी पद पर आ चुके हैं। इसके अलावा कोर्ट आदेश से प्रमोटी आईपीएस बने अधिकारी भी जिले के एसपी बन सकते हैं।
इनका हो सकता है नाम
अंदरुनी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, आईपीएस अधिकारियों की तबादला सूची लगभग दो सप्ताह से बनकर तैयार है, और 2020 बैच के आईपीएस मयूर खंडेलवाल, सोनाक्षी सिन्हा, शियाज केएम, आनंद कलादगी और कृष्ण लालचंदानी को नए जिलों की कमान सौंपे जाने की पूरी संभावना जताई जा रही है। इसके अलावा 2016 बैच के प्रमोटी आईपीएस प्रकाशचंद्र परिहार, राजेंद्र वर्मा और अरुण मिश्रा को भी जिले में एसपी के पद पर भेजा जा सकता है।
इन जिलों के एसपी पर गिरेगी गाज
जानकारी के मुताबिक कई जिलों में एसपी बदले जा सकते हैं, जिनमें शाजापुर एसपी, शिवपुरी पुलिस अधीक्षक, डिंडौरी एसपी, मंडला एसपी , छतरपुर एसपी, बुरहानपुर एसपी, निवाड़ी एसपी, नीमच एसपी, दमोह एसपी सहित उज्जैन एसपी से लेकर जबलपुर एसपी को बदला जा सकता है। कुल मिलाकर 20 जिलों में एसपी को बदलने की पूरी संभावना है।


