जबलपुर के युवा गायक तनिष्क शुक्ला ने देश के चर्चित सिंगिंग रियलिटी शो इंडियन आइडल सीजन-16 में शानदार प्रदर्शन करते हुए फर्स्ट रनर-अप का स्थान हासिल किया है. उनकी इस उपलब्धि ने न केवल परिवार बल्कि पूरे जबलपुर और मध्य प्रदेश का नाम रोशन किया है. तनिष्क की सफलता इस बात का उदाहरण है कि मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ हर मुश्किल को पार किया जा सकता है.
मुश्किल दौर से निकलकर हासिल की बड़ी सफलता
तनिष्क के पिता प्रभाकांत शुक्ला ने बताया कि कुछ समय पहले उनका बेटा गंभीर एंजायटी की समस्या से गुजर रहा था. उस कठिन दौर में संगीत ही उसके जीवन का सबसे बड़ा सहारा बना. धीरे-धीरे उसने खुद को संभाला और पूरी मेहनत के साथ गायन की दुनिया में आगे बढ़ने का फैसला किया. आज उसी संघर्ष का परिणाम है कि वह देश के सबसे बड़े संगीत मंचों में अपनी अलग पहचान बनाने में सफल रहा.
चेस से संगीत तक का सफर
बचपन में तनिष्क की रुचि शतरंज में थी और वह इस खेल को बेहद पसंद करते थे. हालांकि कुछ निजी परिस्थितियों के कारण उन्हें चेस छोड़ना पड़ा. इसके बाद उन्होंने अपने जीवन की नई दिशा संगीत को बनाया. वर्ष 2021 में उन्होंने जबलपुर के प्रसिद्ध संगीत गुरु प्रकाश वेरुलकर से विधिवत गायन की शिक्षा लेना शुरू किया. लगातार रियाज, अनुशासन और गुरु के मार्गदर्शन ने उनकी प्रतिभा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया.
इंडियन आइडल के मंच पर जीता सबका दिल
इंडियन आइडल के पूरे सफर में तनिष्क ने अपनी मधुर आवाज, बेहतरीन गायकी और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से जजों और दर्शकों को लगातार प्रभावित किया. हर प्रस्तुति के साथ उनका आत्मविश्वास और प्रदर्शन बेहतर होता गया. उनकी प्रतिभा से प्रभावित होकर शो के जज और मशहूर रैपर बादशाह ने उन्हें “तनिष्क फाइटर” लिखा हुआ एक विशेष माइक भेंट किया. इसके अलावा भी उन्हें प्रतियोगिता के दौरान कई सम्मान और सराहनाएं मिलीं, जिसने उनके सफर को और यादगार बना दिया.
परिवार ने हर कदम पर दिया साथ
तनिष्क की मां उषा मिश्रा ने कहा कि बेटे की सफलता पूरे परिवार के लिए बेहद भावुक और गर्व का पल है. उन्होंने बताया कि तनिष्क के बड़े भाई तन्मय और बहन तानिया ने हर मुश्किल समय में उनका मनोबल बढ़ाया और हमेशा उनका साथ दिया. परिवार का विश्वास और सहयोग ही तनिष्क की सबसे बड़ी ताकत बना.
आज तनिष्क शुक्ला हजारों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं. उनका सफर यह साबित करता है कि कठिन परिस्थितियां चाहे कितनी भी बड़ी क्यों न हों, अगर लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए तो सफलता जरूर मिलती है.
