सागर/हर्षित पांडेय/खबर डिजिटल/ शहर से इस समय बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां ढाना हवाई पट्टी पर एक ट्रेनी विमान हादसे का शिकार हो गया। घटना उस समय हुई जब विमान लैंडिंग की प्रक्रिया में था। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रेनिंग विमान पट्टी पर ही पलट गया और उसका एक हिस्सा जमीन से टकरा गया।
लैंडिंग के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार विमान में मौजूद ट्रेनी पायलट प्रशिक्षण ले रहे थे। उसी दौरान तकनीकी गड़बड़ी या नियंत्रण खोने के कारण अचानक विमान असंतुलित हो गया और देखते ही देखते पट्टी पर पलट गया। हादसे में विमान का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस जवान को एयरलिफ्ट किया जा रहा था
हादसे का एक और महत्वपूर्ण पहलू यह है कि एक सड़क दुर्घटना में घायल पुलिस जवान को एयरलिफ्ट करने की तैयारी चल रही थी। एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की जा रही थी, तभी ट्रेनिंग विमान हादसे का शिकार हो गया। फिलहाल जवान को अन्य माध्यम से शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है।
हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं
प्राथमिक जानकारी के अनुसार हादसे में किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। ट्रेनी पायलट को हल्की चोटें आईं, लेकिन उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। मौके पर मौजूद स्टाफ ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया।
जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही एयर स्ट्रिप का स्टाफ, पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंच गया है। हादसे के कारणों की जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। बताया जा रहा है कि लैंडिंग के दौरान गलती, तकनीकी खराबी या तेज हवा में संतुलन बिगड़ने जैसे कारणों की जांच की जाएगी।
स्थानीय स्तर पर हड़कंप
हवाई पट्टी पर हुए इस हादसे ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और कर्मचारियों में घटना को लेकर हड़कंप का माहौल है।


