सागर/हर्षित पांडेय/खबर डिजिटल/ सागर जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। जहां एक सड़क दुर्घटना में BDS (बम डिस्पोजल स्क्वाड) के चार जवानों की मृत्यु हो गई, इस हादसे में एक जवान घायल है, जिसका सागर के निजी अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं मामले की सूचना मिलने पर पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना की जांच शुरु की गई।
ऐसे हुआ हादसा
सागर झांसी नेशनल हाईवे क्रमांक 44 पर बांदरी और मालथौन के बीच झीकनी घाटी के पास सुबह करीब चार बजे मुरैना BDS के जवानों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह हादसा पुलिस वाहन और कंटेनर के टकराने से हुआ। घटना की गंभीरता देखकर स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। जानकारी अनुसार यह दस्ता बालाघाट से ड्यूटी कर मुरैना वापिस जा रहा था इस भीषण दुर्घटना में चार जवानों की मौत हो गई।
शहीद जवानों के नाम
शहीद हुए जवान हैं — आरक्षक प्रधुमन दीक्षित, आरक्षक अमन कौरव, चालक परमलाल तोमर, जो सभी मुरैना जिले के रहने वाले थे, और डॉग मास्टर विनोद शर्मा, जो भिंड जिले से थे। एक अन्य जवान, आरक्षक राजीव चौहान, गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज सागर की एक निजी अस्पताल में जारी है। खबरों के अनुसार, वाहन में जवानों के साथ रहने वाला डॉग सुरक्षित पाया गया है, लेकिन इस दुर्घटना ने जवानों के परिवारों और पूरे क्षेत्र को गहरे शोक में डाल दिया है।
हादसे की जांच जारी
स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया है। हादसे के कारणों की जांच जारी है, हालांकि शुरुआती अनुमान वाहन के अनियंत्रित होने और टक्कर की वजह से इसे बताया जा रहा है। इस दुखद हादसे से मुरैना और भिंड जिले में शोक की लहर फैल गई है। हादसे में मृत जवानों के शवों को मॉलथौन ले जाया गया है, जहां इनका पोस्टमार्टम किया जाएगा।


