MP Weather Update: मध्य प्रदेश में अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। प्रदेश में एक तरफ जहां सूरज आग उगल रहा है, वहीं दूसरी तरफ मौसम ने अचानक यू-टर्न लेते हुए बारिश के संकेत दिए हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है, जबकि कुछ जिले भीषण लू की चपेट में रहेंगे।
44 डिग्री के पार पहुंचा पारा
प्रदेश में गर्मी ने अब तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। रतलाम में पारा 44°C दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे अधिक तापमान है। उमरिया में तापमान 43.8°C और मंडला में 43.2°C तक जा पहुंचा है। वही बड़े शहरों में ग्वालियर सबसे गर्म रहा, यहां का तापमान 41.9°C रहा। वहीं भोपाल, इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में भी पारा 40°C के पार बना हुआ है।
यहां बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। प्रदेश के 6 जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट की उम्मीद है।
यहां लू का कहर
बुंदेलखंड के निवाड़ी, टीकमगढ़ और छतरपुर जिलों में भीषण लू चलने की चेतावनी दी गई है। यहाँ दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों को परेशान करेंगी। अप्रैल के अंत तक गर्मी और बढ़ने के संकेत हैं। मौसम वैज्ञानिकों ने लोगों को दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है।


