Tuesday, November 3, 2026
Homeमध्यप्रदेशMP Weather: 4 दिन नहीं थमेगी बारिश! इन जिलों में भारी बारिश...

MP Weather: 4 दिन नहीं थमेगी बारिश! इन जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट

मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर एक्टिव हो गया है. बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र के असर से अगले चार दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश होने की संभावना है. उमरिया और बालाघाट में अति भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि कई अन्य जिलों में भारी बारिश का अलर्ट है.

पूर्वी हिस्से से शुरू होकर पश्चिम की ओर बढ़ेगा सिस्टम

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बारिश का सबसे ज्यादा असर फिलहाल पूर्वी मध्य प्रदेश में देखने को मिल रहा है. 1 और 2 सितंबर को जबलपुर, रीवा, शहडोल और आसपास के क्षेत्रों में तेज बारिश हो सकती है. इसके बाद मौसम प्रणाली धीरे-धीरे पश्चिमी हिस्से की तरफ बढ़ेगी.

3 सितंबर को भोपाल और ग्वालियर संभाग में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. वहीं 4 सितंबर को उज्जैन, भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर और चंबल संभाग के कई जिलों में तेज बारिश हो सकती है.

उमरिया और बालाघाट में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने मंगलवार को उमरिया और बालाघाट के लिए अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, कटनी, मैहर, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, जबलपुर, मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा में भारी बारिश का अलर्ट है.

राजधानी भोपाल के अलावा इंदौर, उज्जैन और ग्वालियर समेत कई इलाकों में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा. कुछ जगहों पर तेज बारिश तो कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है.

अब तक सामान्य से 10 फीसदी कम बारिश

मध्य प्रदेश में इस मानसून सीजन में अब तक औसतन 702.9 मिलीमीटर यानी करीब 27.7 इंच बारिश दर्ज की गई है. सामान्य आंकड़ा 782.6 मिलीमीटर यानी लगभग 30.8 इंच है. इस हिसाब से प्रदेश में बारिश अभी सामान्य से करीब 10 फीसदी कम है.

पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश सामान्य से लगभग 5 फीसदी कम रही है, जबकि पश्चिमी हिस्से में कमी करीब 15 फीसदी तक दर्ज की गई है. प्रदेश के 39 जिलों में सामान्य से 2 से 57 फीसदी तक कम बारिश रिकॉर्ड हुई है.

सितंबर में बारिश से पूरी हो सकती है कमी

अगस्त में अच्छी बारिश के बाद प्रदेश में अब तक करीब 27.7 इंच पानी बरस चुका है. सितंबर में लगभग 9.6 इंच बारिश होने का अनुमान है. अगर मौसम विभाग का अनुमान सही रहा और आने वाले दिनों में अच्छी बारिश हुई, तो प्रदेश की सामान्य मानसूनी बारिश के 37.3 इंच के आंकड़े को पार करने की उम्मीद बढ़ सकती है.

सम्बंधित ख़बरें

लेटेस्ट