Viral Girl Monalisa Missing : महेश्वर की उभरती अभिनेत्री मोनालिसा भोसले के लापता होने का मामला अब धोखाधड़ी और प्रलोभन के नए मोड़ पर आ गया है। परिवार ने आरोप लगाया है कि उसे फिल्मों में काम दिलाने के बहाने बहला-फुसलाकर ले जाया गया। शुक्रवार को पारदी समुदाय के सैकड़ों लोग और भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल एसडीओपी कार्यालय मंडलेश्वर पहुंचे, जहां परिजनों ने अपना दर्द एस ऑफिस श्वेता शुक्ला के सामने बयां किया।
परिजनों को बड़ा आरोप
मीडिया से बात करते हुए मोनालिसा की बड़ी मां ने बताया कि उनका परिवार पढ़ा-लिखा नहीं है, जिसका फायदा उठाकर आरोपियों ने साजिश रची। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी को फिल्मों में काम दिलाने और एक बड़ी अभिनेत्री बनाने का लालच दिया गया। बड़ी मां ने कहा, “हम सीधे-सादे लोग हैं, हमें नहीं पता था कि काम दिलाने के नाम पर हमारी बेटी के साथ ऐसा कुछ होगा। उसे बहला-फुसलाकर ले जाया गया और अब सोशल मीडिया पर जो दिख रहा है, वह एक सुनियोजित साजिश का हिस्सा है।
पुलिस को इनकी तलाश
मामले की गंभीरता और बढ़ते जन आक्रोश को देखते हुए डीएसपी श्वेता शुक्ला ने संवेदनशीलता दिखाते हुए परिजनों को अपने कक्ष में बुलाया। उन्होंने स्वयं घंटों बैठकर उनके विस्तृत बयान दर्ज किए। पुलिस अब केवल निकाह के वीडियो की ही नहीं, बल्कि उस ‘एजेंसी’ या ‘संपर्क’ की भी तलाश कर रही है जिसने फिल्म में काम दिलाने का झांसा दिया था।
भाजपा नेता का बयान
भाजपा मंडल अध्यक्ष विक्रम पटेल ने इस मामले को ‘इंटरनेशनल सिंडिकेट’ से जोड़ा है। उन्होंने कहा कि वीडियो में दिख रहे रसूखदार लोग और शादी की व्यवस्थाएं किसी बड़े गिरोह की ओर इशारा करती हैं। पटेल ने उस मंदिर की भी गहन जांच की मांग की है, जहां यह विवाह संपन्न हुआ, यह जानने के लिए कि कैसे एक हिंदू बेटी का मुस्लिम युवक से विवाह कराया गया।


