भोपाल शहर के लोगों को लंबे समय से जिस रेलवे स्टेशन का इंतजार था, वह अब खत्म होने जा रहा है. 28 जुलाई से निशातपुरा रेलवे स्टेशन आधिकारिक रूप से यात्रियों के लिए शुरू हो जाएगा. केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव वर्चुअल माध्यम से स्टेशन का उद्घाटन करेंगे और मालवा एक्सप्रेस तथा राजकोट एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाएंगे. इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भोपाल सांसद आलोक शर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहेंगे.
करीब तीन वर्षों से इस स्टेशन को शुरू करने की मांग लगातार उठ रही थी. अब इसके शुरू होने से भोपाल के रेल यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
भोपाल जंक्शन पर कम होगा दबाव
रेलवे अधिकारियों के मुताबिक निशातपुरा रेलवे स्टेशन शुरू होने के बाद भोपाल जंक्शन और रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर यात्रियों और ट्रेनों का दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा. इससे ट्रेनों के संचालन में भी आसानी होगी और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (सीनियर डीसीएम) सौरभ कटारिया ने बताया कि इस स्टेशन के संचालन से आसपास के क्षेत्रों में रहने वाले तीन लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा. यात्रियों को अब हर छोटी-बड़ी यात्रा के लिए शहर के मुख्य रेलवे स्टेशनों तक नहीं जाना पड़ेगा, जिससे समय और खर्च दोनों की बचत होगी.
इन ट्रेनों का रहेगा निशातपुरा स्टेशन पर ठहराव
रेलवे ने शुरुआती चरण में कई महत्वपूर्ण ट्रेनों को निशातपुरा स्टेशन पर ठहराव देने का फैसला किया है. इनमें प्रमुख रूप से इंदौर-पटना साप्ताहिक और द्विसाप्ताहिक एक्सप्रेस, डॉ. आंबेडकर नगर-प्रयागराज जंक्शन एक्सप्रेस, अहमदाबाद-पटना साप्ताहिक एक्सप्रेस, इंदौर-बरेली साप्ताहिक एक्सप्रेस, इंदौर-हावड़ा क्षिप्रा एक्सप्रेस और भुज-शालीमार एक्सप्रेस शामिल हैं.
इन ट्रेनों के यहां रुकने से भोपाल और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. साथ ही उन्हें मुख्य स्टेशन तक पहुंचने की परेशानी से भी राहत मिलेगी.
यात्रियों को मिलेगा बड़ा फायदा
निशातपुरा रेलवे स्टेशन के शुरू होने के बाद शहर की रेल व्यवस्था पहले से अधिक व्यवस्थित होने की उम्मीद है. रेलवे का मानना है कि इससे न केवल ट्रैफिक का दबाव कम होगा, बल्कि यात्रियों की सुविधा भी बढ़ेगी. आने वाले समय में यदि यात्री संख्या बढ़ती है तो यहां और अधिक ट्रेनों के ठहराव पर भी विचार किया जा सकता है. यह स्टेशन भोपाल के रेलवे नेटवर्क को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है.
