इंदौर/ खबर डिजिटल/ NRI Mahaparv 4 in indore: महापौर पुष्यमित्र भार्गव की अध्यक्षता में इंदौर एनआरआई फोरम द्वारा आयोजित एनआरआई महापर्व के चौथे संस्करण का एक दिवसीय भव्य आयोजन बुधवार को उत्साह और इंदौरी रंग में सम्पन्न हुआ। सुबह से शुरू हुआ यह आयोजन शाम को डेली कॉलेज में मुख्य कार्यक्रम के साथ संपन्न हुआ।
इस महापर्व में दुनिया के 27 देशों से आए 250 से अधिक नॉन रेसिडेंशियल इंदौरी (एनआरआई) लगातार चौथी बार इंदौर पहुंचे और शहर के विकास में अपनी भागीदारी दर्ज कराई।
कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ राहुल भार्गव, तपन अग्रवाल, अंशुल लाड, गौरव आनंद, पुलकित दुबे, रोहित गंगवार सहित विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
पारंपरिक खेलों से शुरुआत, भविष्य की योजनाओं पर समापन
सुबह यशवंत क्लब में पारंपरिक भारतीय खेलों का आयोजन किया गया, जहां महापौर पुष्यमित्र भार्गव स्वयं एनआरआई के साथ गुल्ली-डंडा, कबड्डी, पतंग उड़ाना, लट्टू और लंगड़ी जैसे देसी खेल खेलते नजर आए। इंदौरी नाश्ते ने आयोजन में स्थानीय स्वाद और संस्कृति का रंग घोल दिया।
शाम को डेली कॉलेज में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में इंदौर की संस्कृति, संस्कार और वैश्विक पहचान को दर्शाने वाला विशेष वीडियो प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही इयर बुक का विमोचन किया गया, जिसमें महापौर द्वारा वर्ष भर किए गए कार्यों और उपलब्धियों का उल्लेख है।
पैनल डिस्कशन में एनआरआई के सवालों पर खुली चर्चा
कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण पैनल डिस्कशन रहा, जिसमें साल भर एनआरआई द्वारा दिए गए सुझावों और प्रश्नों पर विस्तार से चर्चा की गई। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने एनआरआई के सवालों का खुलकर जवाब दिया। रियल एस्टेट, आईटी, हेल्थ केयर, उद्योग, सेकेंड इनिंग और इंदौर वापसी जैसे विषयों पर सार्थक संवाद हुआ।दुनिया के विभिन्न देशों से आए प्रवासियों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे इंदौर से जुड़ाव का मजबूत मंच बताया।
इन मुद्दों पर एनआरआई ने पूछे सवाल, पैनल ने दिए जवाब
- इंदौर में बसने वालों के लिए अगले 10 वर्षों में हाउसिंग की संभावनाएं
- आईटी सेक्टर में एनआरआई निवेश की प्रक्रिया और अवसर
- इंदौर में हेल्थ केयर सेक्टर की संभावनाएं
- ज्वेलरी इंडस्ट्री में निवेश के अवसर
- रियल एस्टेट, आईटी, मेडिकल, स्पोर्ट्स, कपड़ा और ज्वेलरी सेक्टर में निवेश
- एनआरआई के लिए भविष्य की रेसिडेंशियल प्लानिंग
- इंटरनेट और एआई के युग में इंदौर की तैयारी और संभावनाएं
- इंदौर को मेडिकल हब और मेडिकल टूरिज्म के रूप में विकसित करने की दिशा
इन देशों से आए एनआरआई
हांगकांग, स्वीडन, ऑस्ट्रेलिया, दुबई, नीदरलैंड, अमेरिका, जापान, शारजाह, जर्मनी, न्यूजीलैंड, आयरलैंड, डेनमार्क, कनाडा, शिकागो सहित कुल 27 देशों से प्रवासी इंदौरी इस महापर्व में शामिल हुए।
एनआरआई महापर्व-4 ने एक बार फिर साबित किया कि इंदौर न केवल स्वच्छता में बल्कि वैश्विक जुड़ाव और निवेश के अवसरों में भी अग्रणी शहर के रूप में उभर रहा है।
इंदौर एनआरआई फोरम: एक सोच से बना वैश्विक परिवार- महापौर
इंदौर एनआरआई फोरम का उद्देश्य इंदौर को विकास की नई दिशा देना है। “एक साधे, सब सधे” की सोच के साथ सफाई को आधार बनाकर इंदौर को एक ग्लोबल ब्रांड के रूप में स्थापित किया गया। स्वच्छता में मिली पहचान के बाद शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग और निवेश के नए अवसर स्वतः शहर की ओर आने लगे।आज देश-दुनिया की बड़ी स्कूल चेन और अस्पताल इंदौर में निवेश के लिए आगे आ रहे हैं। महापौर चुनाव के दौरान एनआरआई इंदौरियों का मजबूत समर्थन मिला, जिसके बाद उनके विचारों को जोड़ने के लिए इंदौर एनआरआई फोरम की शुरुआत की गई। चार वर्षों में यह फोरम 70 से अधिक देशों में फैले इंदौरियों का एक सशक्त परिवार बन चुका है, जो शहर के विकास में सक्रिय भागीदारी निभा रहा है।


