बदनावर/खबर डिजिटल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितम्बर को धार जिले के बदनावर में देश के पहले पीएम मेगा मित्र टेक्सटाइल पार्क का भूमिपूजन करेंगे। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर हैं। आज मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव प्रधानमंत्री मोदी के आगमन की तैयारी का निरीक्षण करने के लिए धार पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में 20 एकड़ क्षेत्र में वाटर प्रूफ डोम में 1 लाख लोगों की सभा होगी, जबकि 15 हेक्टेयर क्षेत्र में 1500 बसों और 5000 चार पहिया वाहनों के लिए पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
20 एकड़ में वॉटरप्रूफ डोम, 1 लाख लोगों की क्षमता
कार्यक्रम स्थल पर 20 एकड़ क्षेत्र में विशाल वॉटरप्रूफ डोम तैयार किया जा रहा है, जिसमें लगभग 1 लाख लोग बैठ सकेंगे। डोम को आधुनिक तकनीक से बनाया जा रहा है ताकि बारिश या खराब मौसम का असर कार्यक्रम पर न पड़े।
15 हेक्टेयर क्षेत्र में पार्किंग व्यवस्था
सभा में शामिल होने आने वाले लोगों के लिए 15 हेक्टेयर क्षेत्र में पार्किंग एरिया बनाया गया है। यहां 1500 बसें और करीब 5 हजार चारपहिया वाहन पार्क किए जा सकेंगे। इसके अलावा आसपास के इलाकों में भी वैकल्पिक पार्किंग व्यवस्था की जा रही है।
सुरक्षा और हेलिपैड की व्यवस्था
प्रधानमंत्री की यात्रा को देखते हुए 6 हेलिपैड तैयार किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां मौके पर तैनात हैं और ड्रोन निगरानी की भी व्यवस्था की गई है।
जनभागीदारी और विशेष अभियान
प्रधानमंत्री मोदी अपने जन्मदिन पर यहां से स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान की भी शुरुआत करेंगे। साथ ही विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का दौरा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज (11 सितम्बर) भैंसोला पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण करेंगे और तैयारियों का जायजा लेंगे।


