खबर डिजिटल कटनी— जिले के रीठी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवगांव में लूट के एक आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पारधियों के समूह ने हमला कर दिया। पत्थरबाजी की इस घटना में पुलिसकर्मी तो सुरक्षित रहे, लेकिन कार्रवाई में प्रयुक्त निजी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार हो गया।जानकारी के अनुसार, कुठला थाना क्षेत्र के कैलवारा फाटक के पास करीब तीन माह पूर्व एक बाइक सवार से लूट की घटना हुई थी। इस मामले में आरोपी पुअर लाल पारधी की तलाश की जा रही थी। गुरुवार रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी देवगांव स्थित शराब दुकान के पास मौजूद है।सूचना पर उप निरीक्षक सौरभ सोनी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपी और उसके साथियों ने पुलिस को घेर लिया और पत्थरबाजी शुरू कर दी। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।पुलिस टीम ने सतर्कता बरतते हुए खुद को सुरक्षित रखा, लेकिन पत्थरबाजी में वाहन के शीशे टूट गए। हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसी दौरान मुख्य आरोपी पुअर लाल पारधी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।पुलिस ने पत्थरबाजी में शामिल दो आरोपियों—रोहित पारधी (42) और कोड्स लाल पारधी (20), दोनों निवासी कूडो—को गिरफ्तार किया है। कुठला थाना प्रभारी राजेंद्र मिश्रा के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है। वहीं रीठी थाने में शासकीय कार्य में बाधा, पुलिस पर हमला और तोड़फोड़ की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस पर हमले की यह घटना कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ाने वाली मानी जा रही है।
लूट के आरोपी पारधी को पकड़ने गई पुलिस पर हमला, पत्थरबाजी में वाहन क्षतिग्रस्त; दो आरोपी गिरफ्तार
सम्बंधित ख़बरें


