झाबुआ/नावेद रज़ा/खबर डिजिटल/पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर अंतरराज्यीय लूट की एक बड़ी वारदात का खुलासा कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 40 लाख 50 हजार रुपये मूल्य का मशरूका बरामद किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 5 मार्च 2026 को मेघनगर निवासी एक व्यापारी सोने-चांदी के आभूषण लेकर झाबुआ की ओर जा रहा था। इसी दौरान फूलमाल तिराहे के पास अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी को रोककर उसके पास रखा आभूषणों से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन कर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपियों तक पहुंच बनाते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी राजस्थान के झालावाड़ जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 11.400 किलो चांदी, सोने के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त इको कार बरामद की है। बरामद मशरूके की कुल कीमत लगभग 40 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है।
इस पूरे मामले के खुलासे में पुलिस अधिकारियों एवं साइबर टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सराहनीय कार्य के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को नगद इनाम देने की घोषणा भी की गई है।


